जिला स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक में संगठन को मजबूत करने का आह्वान,
राजा शंकरशाह-कुंवर रघुनाथशाह को दी श्रद्धांजलि
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। बहुजन समाज पार्टी द्वारा शनिवार 19 सितंबर को स्थानीय कमला नेहरू महिला मंडल में जिला स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक एवं शहीद राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथशाह के 196वें बलिदान दिवस पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैहर-बिरसा क्षेत्र में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथशाह के बलिदान को याद किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंजी. रामजी गौतम, राज्यसभा सांसद एवं केंद्रीय को-आर्डिनेटर तथा प्रदेश प्रभारी बसपा, विशेष अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष जियालाल अहिरवार, मुख्य जोन प्रभारी कमलेश कुमार, पूर्णेन्द्र अहिरवार, जोन प्रभारी भोपाल उमाकांत बंदेवार, जोन प्रभारी ज्ञानेश्वर गजभिए, सचिन बौद्ध, लोकसभा प्रभारी अजाबलाल शास्त्री, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश बिसेन तथा कार्यक्रम अध्यक्ष बसपा जिलाध्यक्ष इंजी. महेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
35 बैगा बच्चों की मौत का उठाया मुद्दा
बैठक के दौरान बसपा नेताओं ने बैहर-बिरसा क्षेत्र में हुई बैगा आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में करीब 35 आदिवासी बैगा बच्चों की मौत हुई है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की मौत के बाद भी जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित है क्षेत्र के बैगा आदिवासी
बसपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार से करोड़ों रुपये आते हैं, लेकिन इसका अपेक्षित लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच रहा है और विकास कार्य कागजों तक सीमित हैं। स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की कमी, स्वच्छ पेयजल का अभाव और कुपोषण व संक्रमण जैसी समस्याओं के कारण आदिवासी बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि कई ग्रामीण आज भी झिरिया का पानी पीने को मजबूर हैं। उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
संगठन को मजबूत करने का आह्वान
समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया गया। पार्टी की आगामी गतिविधियों, संगठन विस्तार और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।विचार संगोष्ठी में राजा शंकरशाह एवं कुंवर रघुनाथशाह के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को याद किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।










































