Jabalpur News: जबलपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई है। इसके साथ ही आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज में अस्पताल में चल रहा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। प्रतिमा ले जाते समय हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। इसके बाद करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई है। वही आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान भी एक युवक की मौत की खबर आ रही है लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।हाइटेंशन लाइन से टकराने के कारण हादसा
एसडीओपी सिहोरा मोहंती मरावी ने बताया कि मझौली थानान्तर्गत सिविल लाइन पाठ में विराजित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए नीला तलाब ले जाया जा रहा था। विसर्जन स्थल के कुछ दूर पहले ही प्रतिमा को निकालने के लिए विद्युत वायर को समिति के सदस्यों के द्वारा बनाई गयी टी के माध्यम से ऊपर किया गया। इस दौरान विद्युत वायर हाइटेंशन लाइन से टकरा गया। जिसके कारण करंट लगने से विकास राजपूत उम्र 23 साल और प्रिंस चौहान उम्र 19 साल की घटना स्थल में मौत हो गयी।
आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
इस घटना के ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार आधा दर्जन व्यक्ति भी करंट लगने के कारण घायल हो गए। घटना के कारण विसर्जन जुलूस में अफरा-तरफी का माहौल निर्मित हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
स्थानीय लोगों में है आक्रोश
इस घटना से मझौली में मातम का माहौल व्याप्त है। आक्रोशित ग्रामीणजनों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया है। उनका कहना था कि देखरेख के अभाव में अधिकांश विद्युत लाइन नीचे की तरफ लटक गयी हैं। जिसके कारण ऐसे हादसे घटित होते हैं।
कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए
उनकी मांग थी कि विद्युत लाइन की देखरेख में लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने जांच के बाद विधि अनुसार कार्रवाई करने के आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। घटना के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।










































