बालाघाट। खैरलांजी पुलिस ने हत्या के प्रयास के छह साल पुराने मामले में फरार चल रहे स्थाई वारंटी को 9 नवंबर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शाम करीब 4 बजे न्यायालय वारासिवनी में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना खैरलांजी में अपराध क्रमांक 241/2020 के तहत धारा 307 भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के अंतर्गत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किए जाने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थाई वारंटी उमेंद्र पिता ओमकार लिहारे (25 वर्ष), निवासी ग्राम सावरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई थाना प्रभारी शशांक राणा के नेतृत्व में की गई।










































