Burhanpur Padon Ki Takkar: बुरहानपुर जिले के शाहपुर में कलेक्टर के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद अमरावती नदी के तट पर पाड़ों की टक्कर कराई गई। हेला मेला समिति के इस आयोजन ने जिला प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में जिला प्रशासन के आदेशों को ठेंगा दिखाने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के शाहपुर इलाके में प्रशासन की पाबंदियों को ताक पर रखकर अमरावती नदी के तट पर पाड़ों की टक्कर का आयोजन कराया गया। खास बात यह है कि यह आयोजन ऐसे समय में हुआ जब जिले में नया प्रशासनिक नेतृत्व आने के बाद पशुओं की लड़ाई पर पूरी तरह रोक लगाने के कड़े निर्देश दिए गए थे। खुलेआम हुए इस आयोजन ने बुरहानपुर प्रशासन की कार्यप्रणाली और मैदानी अमले की मुस्तैदी पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
कलेक्टर के आदेशों की सरेआम अनदेखी
घटना बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र की है, जहां हेला मेला समिति द्वारा पाड़ों की टक्कर का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कुछ दिन पहले ही जिले के नवागत कलेक्टर विवेक कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत एक सख्त आदेश जारी किया था। इस आदेश में पाड़ों की टक्कर सहित सभी प्रकार की पशु लड़ाइयों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। प्रशासन का यह कदम पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया था, ताकि मूक पशुओं के साथ होने वाली क्रूरता को रोका जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
किसकी शह पर सजा दंगल?
कलेक्टर के स्पष्ट और कड़े प्रतिबंधात्मक आदेश के बावजूद शाहपुर में इस तरह का आयोजन होना यह बताता है कि स्थानीय स्तर पर नियमों का कितना खौफ है। आयोजकों ने न सिर्फ प्रशासन के निर्देशों को नजरअंदाज किया, बल्कि प्रशासनिक मशीनरी को खुली चुनौती भी दी। सवाल यह उठता है कि क्या हेला मेला समिति को कलेक्टर के आदेश की जानकारी नहीं थी? या फिर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमले की कथित मिलीभगत के चलते आयोजकों के हौंसले इतने बुलंद थे कि उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं था?
अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें
इस पूरी घटना के सामने आने के बाद अब बुरहानपुर जिला प्रशासन की किरकिरी हो रही है। आमजन और पशु प्रेमियों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि कलेक्टर के आदेश के बाद भी कार्यक्रम संपन्न हो गया और स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। फिलहाल, इस मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला मुख्यालय के बड़े अधिकारी हरकत में आए हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि कलेक्टर के आदेशों की धज्जियां उड़ाने वाली हेला मेला समिति और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार स्थानीय अधिकारियों पर जिला प्रशासन क्या और कितनी सख्त कार्रवाई करता है।










































