EXPLAINER: कैसे 10 मिनट के खेल ने बदली आरा मशीन पर काम करने वाले अनुज की जिंदगी, 100 ग्रैंडमास्टर वाला चौथा देश बना भारत

0

मध्य प्रदेश के अनुज श्रीवात्री रविवार को भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए। उन्होंने 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर यह खिताब हासिल किया। इस जीत के साथ ही वे अपने मध्य प्रदेश राज्य से पहले ग्रैंडमास्टर भी बन गए हैं। आइए इनके सफर के बारे

मध्यप्रदेश के 22 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी अनुज श्रीवात्री भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। उन्होंने रविवार को फिलीपींस में सातवीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैम्पियनशिप जीत कर यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ मध्यप्रदेश को भी अपना पहला ग्रैंडमास्टर मिल गया। अनुज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। वे टूर्नामेंट का पहला मुकाबला हार गए थे। इसके बाद बाकी आठ राउंड में सात अंक हासिल किए और आखिरी दो मुकाबले जीते। इस जीत के साथ उन्हें सीधे ग्रैंडमास्टर का खिताब मिल गया।

भारत के ग्रैंडमास्टर बनने का सफर विश्वनाथन आनंद से शुरू हुआ था। आनंद ने दिसंबर 1988 को कोयंबटूर में शक्ति फाइनेंस टूर्नामेंट में ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल किया था। अनुज इस साल ग्रैंडमास्टर बनने वाले नौवें भारतीय हैं। वहीं, भारत 100 ग्रैंडमास्टर वाला एशिया का पहला और दुनिया का चौथा देश है।

टॉप-5 सबसे ज्यादा ग्रैंडमास्टर वाले देश-

  • रूस- 184
  • अमेरिका- 115
  • जर्मनी- 103
  • भारत- 100
  • यूक्रेन- 85

2026 में ग्रैंडमास्टर बनने वाले भारतीय खिलाड़ी-

  • आर्यन वाष्र्णेय -जनवरी
  • आरव डेंगला – फरवरी
  • मयंक चक्रवर्ती- मार्च
  • अरोण्यक घोष- अप्रैल
  • ईथन वज- जून
  • हर्षवर्धन जीबी- जून
  • अश्वथ एस- जुलाई
  • वी.एस. रत्नावेल- जुलाई
  • अनुज श्रीवात्री- नवंबर

आरा मशीन पर देखा गया था ग्रैंडमास्टर का सपना

दैनिक भास्कर के अनुसार, साल 2010 में कटनी की एक आरा मशीन पर 10-20 मिनट का एक छोटा-सा खेल हुआ था। इसी खेल ने अनुज के लिए शतरंज की दुनिया का रास्ता खोल दिया। पिता अशोक श्रीवात्री दोनों बेटे अनुज और अनिमेष को कोच वीरेंद्र कुमार तिवारी के पास लेकर गए थे। तिवारी हर बच्चे को शतरंज नहीं सिखाते थे। पहले वे उसके खेल में रुचि और समझ परखते थे। उनकी कोई एकेडमी नहीं थी। बच्चों को उनके घर ले जाना मुश्किल था। इसलिए अशोक ने करीब डेढ़ साल तक कोच को खुद लेने और छोड़ने की जिम्मेदारी निभाई।

खोया कोच को

अनुज का खेल देखने के बाद उन्होंने उन्हें घर पर ट्रेनिंग देने के लिए बुलाया। अक्टूबर 2012 में अहमदाबाद में नेशनल अंडर-9 चैंपियनशिप के दौरान वीरेंद्र तिवारी अनुज के साथ थे। इस बीच उन्हें खबर मिली कि कटनी में उनकी मां की तबीयत गंभीर है। तिवारी कटनी पहुंचे तो उनकी मां का निधन हो चुका था। उसी रात उन्हें हार्ट अटैक आया और उनका भी निधन हो गया। मां और बेटे का अंतिम संस्कार एक ही समय पर हुआ। अनुज ने अपने कोच को खो दिया था। इस घटना के बाद परिवार ने अनुज को संभाला और उनकी ट्रेनिंग जारी रखने की व्यवस्था की। इसके बाद अनुज को सागर के यशपाल अरोड़ा और जबलपुर के राजेश बहादुर ने कोचिंग दी। इंटरनेशनल मास्टर अनूप देशमुख और फिडे इंस्ट्रक्टर निकलेश जैन ने भी उनका मार्गदर्शन किया।

उपलब्धियों का दौर

साल 2016 में अनुज ने नेशनल अंडर-13 चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया। 2017 में उरुग्वे में वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप के अंडर-14 वर्ग में वे चौथे रहे। 11 मुकाबलों में आठ अंक हासिल किए और एक भी मैच नहीं हारे। 2018 में स्पेन के सिटीज ओपन में पहला इंटरनेशनल मास्टर नॉर्म मिला। 2019 में गोवा और स्पेन के सेंट एड़िया में दो और नॉर्म हासिल किए। इसी दौरान उन्होंने 2400 रेटिंग अंक भी पार किए। 2020 में उन्हें इंटरनेशनल मास्टर का खिताब मिला। अनुज पढ़ाई में भी अच्छे थे।

नौकरी छोड़ पूरा किया सपना

उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया और 2023 में डिग्री पूरी की। इसके बाद जर्मनी की एक कंपनी में वर्क फ्रॉम होम जॉब करने लगे। करीब एक साल तक नौकरी और शतरंज साथ चलाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के लिए काफी समय नहीं मिल पा रहा था। आखिरकार 2024 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी। अब अनुज भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। दीवाली के दिन मिली इस खुशी पर उन्हें अपने पहले कोच वीरेंद्र तिवारी की याद हो आई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here