रूस पर यूक्रेन का सबसे बड़ा ड्रोन अटैक! रातभर में दागे 1200 ड्रोन, 7 लोगों की मौत, शांति वार्ता के बीच क्या है यूरोप का प्लान?

0

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने रूस पर करीब 1,200 ड्रोन से हमला किया। रूस ने सात लोगों की मौत और 17 के घायल होने की जानकारी दी है। वहीं, अबू धाबी में जारी शांति वार्ता में यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था और NATO की भूमिका पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Russia Ukraine War: एक तरफ जहां रूस -यूक्रेन युद्ध पर लगाम लगाने के लिए अबू धाबी में बैठकों का दौर जारी है। वहीं, दूसरी ओर यूक्रेन ने रूस पर अब तक के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक को अंजाम देते हुए रातभर में करीब 1,200 ड्रोन दागे। इस हमले में रूस के तीन क्षेत्रों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में एक 12 साल का बच्चा भी शामिल है।

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने यूक्रेन के 1,198 लंबी दूरी के ड्रोन मार गिराए। हालांकि, रूस के तीन क्षेत्रों में हुए हमलों में सात लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की खबर है।

ड्रोन और रोबोट का इस्तेमाल कर रहा यूक्रेन

यूक्रेन ने इस बड़े ड्रोन हमले के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि रूसी सेना के लगातार हमलों के बावजूद उसकी सैन्य क्षमता कमजोर नहीं हुई है। यूक्रेनी सेना युद्ध के मोर्चे पर ड्रोन और जमीन पर चलने वाले रोबोट का इस्तेमाल कर रही है। करीब 1,200 किलोमीटर लंबे फ्रंटलाइन क्षेत्र में इन तकनीकों के जरिए रूसी सेना का मुकाबला किया जा रहा है।

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने दावा किया कि उसके ड्रोन ने रूस के वोल्गोग्राड शहर में एक बड़ी तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया। हमले के बाद वहां आग लग गई। यूक्रेन के मुताबिक, इस रिफाइनरी की सालाना उत्पादन क्षमता करीब 11 करोड़ बैरल है। यूक्रेन पिछले कुछ समय से रूस की तेल रिफाइनरियों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहा है, ताकि उसकी युद्ध लड़ने की क्षमता पर असर डाला जा सके।

रूस ने भी यूक्रेन पर दागे 117 ड्रोन

यूक्रेन के हमले के जवाब में रूस ने भी रातभर में 117 ड्रोन यूक्रेन की तरफ दागे। अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक 17 साल का किशोर भी शामिल है। दक्षिणी यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर में रूसी हमले से पांच मंजिला दो रिहायशी इमारतें प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में 30 लोग घायल हुए, जिनमें छह बच्चे शामिल हैं।

रूस के ऊर्जा ढांचे पर हमलों के साथ-साथ यूक्रेन के बिजली नेटवर्क को भी निशाना बनाया जा रहा है। यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, रूसी हमलों के कारण देश के 12 क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। रूस हर सर्दी में यूक्रेन के बिजली ग्रिड पर हमले करता रहा है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।

बातचीत की मेज पर यूरोप को भी मिलेगी जगह

अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने कहा कि रूस आगामी बातचीत में यूरोप को शामिल करने पर सहमत हो गया है। उनके मुताबिक, इससे रूस-यूक्रेन के बीच क्षेत्रीय विवादों के साथ युद्ध के बाद यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हो सकेगी।

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने बताया कि ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों की एक टीम बातचीत में हिस्सा लेगी। यूरोपीय देश चाहते हैं कि उनके भविष्य से जुड़े फैसलों में उनकी भी सीधी भागीदारी हो।

हालांकि, यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास ने साफ कहा कि आगे की बातचीत से पहले युद्धविराम पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने रूस की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी मांगों को लेकर आगाह करते हुए कहा कि यूरोप को रूस के बिछाए जाल में नहीं फंसना चाहिए।

बता दें कि इस बार बातचीत का दायरा सिर्फ रूस-यूक्रेन युद्ध तक सीमित नहीं रहने वाला है। इसमें यूरोप की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और नाटो की भविष्य की भूमिका पर भी चर्चा हो सकती है। इस घटनाक्रम ने यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here