राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन का स्टेयरिंग छोड़ो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू

0

संगठन ने दीनदयाल चौक सहित विभिन्न स्थानों पर ट्रक रोककर चालकों से मांगा समर्थन

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। देशभर के ट्रक चालकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन द्वारा अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में १३ नवंबर को संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा नगर के दीनदयाल चौक सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर ट्रकों को रोकते हुए चालकों से आंदोलन में सहयोग एवं समर्थन की अपील की गई। इस दौरान कई ट्रक चालकों ने संगठन की मांगों का समर्थन करते हुए अपने वाहन खड़े कर दिए। संगठन सदस्यों ने बताया कि संगठन के द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देशभर के वाहन चालकों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा कानून बनाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को प्रमुखता से उठाना है। देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ट्रक चालकों को आज भी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक वाहन चलाने, दुर्घटनाओं के जोखिम, आर्थिक असुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के अभाव जैसी समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। इस दौरान आंदोलन को गति देने और अधिक से अधिक वाहन चालकों को जोडऩे के उद्देश्य से संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष उर्फ रवि यादव भी वारासिवनी पहुंचे। उन्होंने नगर में संगठन के सदस्यों एवं पदाधिकारियों से मुलाकात कर अभियान की रूपरेखा, मांगों और आगामी गतिविधियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चालकों को संगठित होकर अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी सदस्य मौजूद रहे।

संगठन ने चालकों के लिए की १४ सूत्रीय मांग

राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन के द्वारा जारी मांगपत्र में राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग का गठन करने, सडक़ परिवहन क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कोटा निर्धारित कर चालकों को रोजगार में स्थिरता और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने, चालकों के लिए प्रतिदिन आठ घंटे की उचित कार्य अवधि, विश्राम की सुविधा और मानवीय परिस्थितियों के अनुरूप वेतन सुनिश्चित करने, आर्थिक सहायता, दुर्घटना बीमा और परिवार के लिए जीवन बीमा अनिवार्य करने, ५५ वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना लागू करने, राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर कार्ड जारी करने, राष्ट्रीय रजिस्ट्री बनाकर चालकों का पंजीयन एवं उनके आंकड़ों को सुरक्षित रखने और स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कौशल विकास के लिए विशेष योजनाएं संचालित करने, दुर्घटना के दौरान चालक और उसके परिवार को उचित मुआवजा एवं तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, चालकों के सम्मान की रक्षा करने तथा उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव, शोषण और उत्पीडऩ नहीं होने देने, वहीं दुर्घटना में चालक की मृत्यु अथवा गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता देने के लिए ड्राइवर परिवार सहायता योजना शुरू करने ,इसके साथ ही सडक़ किनारे अवैध वसूली, दलालों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी रोक लगाने, शिकायतों के निराकरण के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन एवं कॉल सेंटर स्थापित करने तथा सभी राज्यों के चालकों का राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण कर उन्हें एक समान पहचान पत्र अथवा डिजिटल कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

यह अपनी न्याय सुरक्षा रोजगार के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं-रवि यादव

प्रदेश अध्यक्ष रवि यादव ने बताया कि हम अपने साथियों से मिलने आए थे संगठन ने स्टेरिंग छोड़ो आंदोलन का आगाज किया है। वारासिवनी में भी यह जारी है इसका आज दूसरा दिन है यहां उपस्थित सभी चालक ने अपनी गाड़ी खड़ी कर दी है यह अपनी न्याय सुरक्षा रोजगार के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। स्टेरिंग छोड़ो अभियान की प्रमुख मांगे है कि ड्राइवर आयोग एवं वेलफेयर का गठन हो ,रोडो पर सुरक्षा मिले रात दिन हम काम करते हैं देश की रीड हम हैं जो लगातार पूरे भारत में घूम कर काम करते हैं जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसी का परिणाम है कि ड्राइवर को आज किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं है रुकने बैठने उसके लिए कोई जगह नहीं है और यदि सामान चोरी हो जाता है तो ड्राइवर को ही चोर समझा जाता है। जबकि ड्राइवर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से महानगर को छोटे मजरे टोलो से जोड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here