PAK vs SL 1st Test Highlights: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट हुआ ड्रॉ, सऊद शकील फिर शतक से चूके

0

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में खेला गया सीरीज का पहला टेस्ट मैच बराबरी पर समाप्त हो गया। सऊद शकील लगातार दूसरी पारी में शतक से चूक गए।रावलपिंडी: सऊद शकील लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 97 रन की जुझारू पारी से पाकिस्तान ने शुक्रवार को पांचवें और अंतिम दिन श्रीलंका की जीत की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए पहला टेस्ट ड्रॉ कराया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में यह पाकिस्तान का पहला ड्रॉ मुकाबला रहा। इससे पहले खेले गए नौ टेस्ट मैच में पाकिस्तान को सात में हार और दो में जीत मिली थी।

पाकिस्तान ने दूसरी पारी में बनाए 8 विकेट पर 284 रन

शकील ने पाकिस्तान की नौ विकेट पर 434 रन की घोषित पहली पारी में 93 रन बनाए थे। दूसरी पारी में भी उन्होंने लगभग पूरे अंतिम दिन क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की। हालांकि, पांचवें दिन के अंतिम सत्र में 210 गेंदों का सामना करने के बाद लाहिरू कुमारा ने उन्हें बोल्ड कर दिया। उस समय तक पाकिस्तान ने आठ विकेट पर 284 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 272 रन हो गई थी। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया और मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया। श्रीलंका की पहली पारी 446 रन पर सिमट गई थी।

पांचवें दिन के पहले सेशन में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने ढाया कहर

बादलों से घिरे मौसम में श्रीलंका के तेज गेंदबाजों ने पहले सत्र में पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया और टीम का स्कोर पांच विकेट पर 125 रन कर दिया। लेकिन शकील ने शानदार धैर्य दिखाया और गाजी गोरी (35 रन) के साथ 92 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करके श्रीलंका की जीत की उम्मीदों को खत्म कर दिया। मिलन रत्नायके (47 रन देकर तीन विकेट), असिथा फर्नांडो (35 रन देकर दो विकेट) और कुमारा (65 रन देकर दो विकेट) ने श्रीलंका को जीत की उम्मीद जरूर दिलाई थी, लेकिन शकील ने मजबूती से डटे रहकर दो टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान को हार से बचा लिया।

पहले टेस्ट में खराब हुए 117 ओवर का खेल

खराब रोशनी के कारण दिन में खेल 20 मिनट तक रोकना भी पड़ा। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पहले चार दिनों के दौरान खराब रोशनी और बारिश के कारण कुल 117 ओवर का खेल बर्बाद हुआ था। दूसरा टेस्ट भी रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में अगले मंगलवार से खेला जाएगा। लाहौर में स्मॉग का स्तर बढ़ने के कारण दूसरे टेस्ट को वहां से स्थानांतरित करके रावलपिंडी में आयोजित करने का फैसला लिया गया।

(भाषा)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here