कटनी का करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड

0

Weather Update: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के चार जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है।

भोपाल: मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। शनिवार को कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो राज्य में सबसे कम है। मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए ठंड की चेतावनी जारी की है, जबकि भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

किन जिलों कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, शहडोल, कटनी, जबलपुर और दमोह जिले में कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के लोगों को रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। इसके अलावा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से लेकर दक्षिणी गुजरात तक, मध्य महाराष्ट्र से होते हुए एक और चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक है। 2 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ आने की संभावना है।

कैसा रहेगा आज का मौसम

मौसम विभाग ने रविवार को भोपाल में आसमान साफ ​​रहने और सुबह के समय धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवा की गति लगभग 10 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान लगाया है। आने वाले दिनों में पूरे राज्य में रात के समय कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना है।

रीवा में भी तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार- अभी ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। वहीं, रीवा संभाग में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, रीवा जिले का तापमान 8 डिग्री के करीब पहुंच गया है। आने वाले समय में तापमान में गिरावट होगी और ठंड का असर बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here