धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के द्वारा प्रथम न्यायमूर्ति जीपी सिंह स्मृति राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन 30 अप्रैल से दो मई तक आनलाइन व पेपर रहित माध्यम से कराया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के विधि संस्थानों में बढ़ रही मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं की परंपरा को सुदृढ़ करना है। पिछले दशक में छात्रों का रुझान विधिक शिक्षा की ओर निरंतर बढ़ा है व इस क्षेत्र में नित नई संभावनाओं का सृजन हो रहा है। विधिक शिक्षा के अभिन्न अंग के रूप में मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। जहां विधि विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्रों को सैद्धांतिक रूप से सुदृढ़ बनाते हैं, वहीं मूट कोर्ट के माध्यम से छात्र न्याय प्रणाली के व्यवहारिक पक्ष से परिचित होते हैं। इन प्रतियोगिताओं में छात्र एक आभासी न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रकट होकर अपना पक्ष रखते हैं व इस क्षेत्र की बारीकियों से अवगत होते हैं। इन प्रतियोगिताओं में एक विधि के छात्र की क्षमता इस बात से आंकी जाती है कि कैसे वो विधि के सिद्धांतों का प्रयोग अपने पक्षकार को न्याय दिखाने के लिए करते हैं। इस माध्यम से उनका ज्ञान केवल किताबी न होकर वास्तविक रूप से पूर्ण होता है। इस प्रतियोगिता का आयोजन न्यायमूर्ति जीपी सिंह की स्मृति में कराया जा रहा है। जो भारत में विधि व न्याय के मूर्धन्य विद्वानों में अग्रणी है। न्यायमूर्ति न केवल मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रहे हैं, बल्कि दो बार मध्यप्रदेश के राज्यपाल का दायित्व भी संभाल चुके हैं। प्रतियोगिता की विषय वस्तु कॉर्पोरेट ला, क्रिमिनल लॉ व पर्यावरण की विधि के संबंधित है। इस विषय का चुनाव इन कानूनों की बढ़ती हुई प्रासंगिकता को ध्यान में रख के किया गया है। प्रतियोगिता में भारत के सभी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय केन्द्रीय एवं राज्य के विश्वविद्यालयों की प्रतियोगिता अपेक्षित है। प्रतियोगिता की तैयारी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक तके मार्गदर्शन में कुलपति प्रो.बलराज चौहान के निर्देशन में चल रही हैं। प्रतियोगिता के लिए आयोजन समिति के कुलसचिव आनंद तिवारी, परीक्षा नियंत्रक दिनेश मिश्रा, सह प्राध्यापक शिल्पा जैन व मानवेन्द्र कुमार तिवारी का मार्गदर्शन मिल रहा है।
Home ताज़ा ख़बरें धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय द्वारा 30 अप्रैल को आयोजित होगी मूट प्रतियोगिता