महंगाई, बेरोजगारी समेत जनसरोकार से जुडे अन्य अनेक मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को कोसते हए राजधानी भोपाल में बुधवार को कांग्रेस ने जनाक्रोश यात्रा निकाली। यात्रा सुबह 11 बजे बोर्ड आफिस चौराहे से शुरू हुई। इस यात्रा में पूर्व मंत्री व विधायक पीसी शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ,कांग्रेस के श्रमिक नेता दीपचंद यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, पूर्व विधायक जितेंद्र डागा, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सन्तोष कसाना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच बोर्ड आफिस से कांग्रेसी आगे बढ़े। पुलिस के रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ते गए। जनाक्रोश यात्रा कीलन देव परिसर से होते हुए शिवाजी नगर महिला मार्केट आई। यहां यात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंची। यहां पर यात्रा सभा में बदल गई। पुलिस ने यात्रा को आगे नहीं जाने दिया। भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। लिंक रोड एक पीसीसी के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई। सभा के बाद कांग्रेसी मिंटो हॉल जाने के लिए बढे। पुलिस ने यात्रा समाप्त करने की बात कही, लेकिन कांग्रेसी नारेबाजी करते रहे। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए कुछ कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया और गाड़ी में बिठाकर ले गए!