सर्दियां आते ही दिल्ली में सुबह के समय धुंध पड़ना शुरू हो गई है। आज भी कई जगहों पर धुंध ने कई इलाकों को ढक लिया। इसके साथ ही दिल्ली में हवा भी बहुत खराब हो गई है। आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 315 दर्ज किया गया। AQI हवा की क्वॉलिटी मापने का पैमाना है, जो 200 तक सामान्य माना जाता है। 300 से ऊपर होने पर इसे बहुत खराब माना जाता है। दिल्ली में ठंड भी बढ़ गई है।
दिल्ली-NCR के ज्यादातर इलाकों में AQI 300 के पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, जहांगीरपुरी में AQI 374, आंनद विहार में AQI 368, मुंडका में AQI 373, वजीरपुर में AQI 338, बवाना में AQI 337, अलीपुर में AQI 342, जहांगीरपुरी में AQI 374, मंदिर मार्ग में AQI 322 और रोहिणी में AQI 352 दर्ज किया गया है। वहीं, IGI एयरपोर्ट के पास AQI 329 ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा। नोएडा में AQI 228, ग्रेटर नोएडा में AQI 340, गाजियाबाद में AQI 276 दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे में मौसम में बदलाव के कारण एयर क्वालिटी में सुधार के आसार हैं।
दिल्ली में आज रहेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, सोमवार से ठंड थोड़ी बढ़ने से न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है। अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी।
भोपाल में मौसम के अलग-अलग रंग
मध्य प्रदेश में भी ठंड का एहसास हो रहा है। भोपाल शहर में इन दिनों मौसम तीन अलग-अलग रंग दिखा रहा है। सुबह शहर के ज्यादातर हिस्से में घनी धुंध छा रही है। दिन में धूप चटक रही है। रात में तेज ठंड पड़ रही है। यह सिलसिला पिछले 1 हफ्ते से जारी है। शनिवार सुबह होशंगाबाद रोड, मिसरोद, कटारा हिल्स, बरखेड़ा पठानी, बाग मुगालिया, रचना नगर समेत कई इलाकों में सुबह 6 बजे से सुबह 8 बजे तक 2 घंटे घनी धुंध छाई रही।
दिन का तापमान 27.9 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान 24 घंटे में 0.7 डिग्री लुढ़ककर 10.2 डिग्री पर पहुंच गया। सीजन में दूसरी बार यह रात का सबसे कम तापमान है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 2009 के बाद इस बार नवंबर में लगातार रात का तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।
राजस्थान में पारा गिरा, 6 शहरों में तापमान 7 डिग्री से नीचे
राजस्थान में रात का पारा सामान्य से 5 से 7 डिग्री नीचे चला गया है। बीती रात सबसे कम 2 डिग्री पारा माउंट आबू में दर्ज हुआ। छह शहरों में 7 डिग्री से नीचे रहा। इनमें चूरू में 4.6, फतेहपुर 4.6, चितौड़गढ़ 5.5, सीकर 6.0, हनुमानगढ़ 7.5, भीलवाड़ा में 7.0 शामिल हैं। जयपुर में बीती रात 10.6 डिग्री पारे के साथ सीजन की सबसे सर्द रात रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में सप्ताहभर मौसम शुष्क रहेगा, पारा और गिरेगा।










































