शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय वारासिवनी में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का 29 नवंबर को आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता योग शिक्षक भेजेंद्र चौधरी एवं महाविद्यालय क्रीडा अधिकारी की उपस्थिति में प्रारंभ की गई। जिसमें शासकीय महाविद्यालय मलाजखंड शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय वारासिवनी के विद्यार्थियों के द्वारा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया गया। जिसमें प्रत्येक महाविद्यालय से 5 महिला एवं 5 पुरुष प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिनके द्वारा सूर्य नमस्कार व अन्य योगासन की प्रस्तुति दी गई जिसका निरीक्षण क्रीडा अधिकारियों के साथ योग शिक्षक भेजेन्द्र चौधरी के द्वारा कर योगासन की बारीकियों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक प्रतिभागी को अंक दिये गये। उक्त ट्रायल समाप्त होने के बाद सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी का संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिये चयन किया गया। जो छिंदवाड़ा में आयोजित संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस अवसर पर छात्र-छात्राएं क्रीडा अधिकारी महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।










































