सड़क दुर्घटना में घायल 25 साल के क्रिकेटर ऋषभ पंत पहले से बेहतर हैं। मैक्स अस्पताल ने शुक्रवार शाम मेडिकल बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी। अस्पताल ने बताया- पंत की ब्रेन और स्पाइन MRI रिपोर्ट नॉर्मल आई है। शुक्रवार को उनके चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी हुई है। दर्द-सूजन के कारण पंत के घुटने और टखने की MRI टाल दी गई है। ये दोनों जांच शनिवार को होंगी।
बता दें कि पंत शुक्रवार को सुबह सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक, झपकी लगने से यह हादसा हुआ। उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई और पलट गई।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंत के एक्सीडेंट पर चिंता जताई।उन्होंने लिखा- क्रिकेटर ऋषभ पंत के हादसे में घायल होने से व्यथित हूं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। PM ने उनकी मां से फोन पर बातचीत की और उनका हालचाल भी लिया।
एक्सीडेंट के बाद पंत जलती हुई कार की खिड़की तोड़कर खुद ही बाहर निकले। लोग बचाने पहुंचे तो बोले- मैं ऋषभ पंत हूं। उन्हें सिर, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन्हें इलाज के लिए रुड़की से देहरादून ले जाया गया है। यहां के मैक्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
BCCI ने कहा- माथे पर दो चोटें आईं, घुटने का लिगामेंट टूटा
बोर्ड के सचिव जय शाह ने कहा, पंत के माथे पर दो चोटें आईं हैं। घुटने का लिगामेंट टूटा है। दाहिनी कलाई और एड़ी में भी चोट पहुंची हैं। एमआरआई के बाद उनकी चोट की गंभीरता का पता चल सकेगा। हम लगातार मेडिकल टीम और उनकी फैमिली के संपर्क में हैं। इस मुश्किल समय में हम पंत को हरसंभव मेडिकल ट्रीटमेंट और मदद देंगे।