नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की बढ़ती उम्मीदों के बीच सोमवार को इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें बुरी तरह गिर गईं। ये कीमतें गिरकर पिछले दो हफ्तों के सबसे निचले स्तर पर आ गईं। सोमवार को ब्रेंट क्रूड 6 फीसदी तक गिरकर प्रति बैरल 100 डॉलर से नीचे आ गया। वहीं अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 6 फीसदी से ज्यादा गिरकर प्रति बैरल करीब 90 डॉलर पहुंच गया। भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे ब्रेंट क्रूड 5.60% की गिरावट के साथ प्रति बैरल 97.74 डॉलर पर था। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 5.82% गिरकर 90.98 डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
कारोबार के दौरान दोनों बेंचमार्क 7 मई के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। पिछले हफ्ते भी अमेरिकी क्रूड में 8% और ब्रेंट में 5% से अधिक की गिरावट आई थी, जब ट्रंप ने कूटनीति को मौका देने के लिए ईरान पर होने वाले हवाई हमलों को टाल दिया था। हालांकि, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद से तेल की कीमतें अब भी 30% से अधिक ऊपर बनी हुई हैं। कच्चे तेल की कीमत में गिरावट भारत के लिए भी राहत की बात है।










































