मोहनलाल की Drishyam 3 का टीजर रिलीज हो चुका है। एक ‘क्लासिक अपराधी’ की जो कहानी 13 साल पहले Drishyam से शुरू हुई थी, वह अब फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट में इस मुकाम पर पहुंच गई है, जहां जॉर्जकुट्टी के चेहरे पर खौफ है। उसे डर सता रहा है कि क्या वह अब भी अपने परिवार की रक्षा कर पाएगा, बरसों से जिस राज़ के साथ उसका परिवार जी रहा है, क्या उसका यह दशक पुराना संघर्ष और भेद जगजाहिर होने वाला है? 1 मिनट 50 सेकेंड के इस टीजर में हम पुरानी झलकियों के साथ आखिर में मोहनलाल के किरदार जॉर्जकुट्टी को चिंता में यह कहते हु देखते हैं- मुझे नहीं पता कि बाहर और कौन देख रहा है।
डायरेक्टर जीतू जोसेफ की फिल्म फ्रेंचाइज ‘दृश्यम’ का हिंदी के दर्शकों को भी बेसब्री से इंतजार है। ऐसा इसलिए कि अब तक जहां इसके पिछले दो पार्ट को हिंदी में भी रीमेक कर 2015 और 2022 में रिलीज किया गया, वहीं इस बार मोहनलाल की मलयालम फिल्म पैन इंडिया दूसरी अन्य भाषाओं के साथ हिंदी में भी रिलीज होगी। खास बात यह है कि इससे इतर अजय देवगन ने भी ‘दृश्यम 3’ का ऐलान कर दिया है, जो एक अलग कहानी दिखाएगी। ऐसे में हिंदी फैंस के बीच यह उत्साह भी है कि उन्हें कहानी के दो अलग-अलग अंदाज और वर्जन देखने को मिलेंगे।
मलयालम में रिलीज किया गया है ‘दृश्यम 3’ का टीजर
मोहनलाल स्टारर ‘दृश्यम 3’ का टीजर अभी सिर्फ मलयालम में रिलीज किया गया है। आप इसे अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ समझ सकते हैं। बुधवार 29 अप्रैल को जारी किए गए टीजर में साल 2013 और साल 2021 में मलयालम फिल्म के पिछले पार्ट में हुई घटनाओं की झलक मिलती है। हालांकि, तब परिवार का मुखिया जॉर्जकुट्टी (मोहनलाल) आत्मविश्वास से भरा हुआ था। टीजर में आज के वक्त में अब जॉर्जकुट्टी का विश्वास डिगने लगा है। वह एक चर्च में बैठा प्रार्थना कर रहा है। अपने पापों के लिए माफी मांग रहा है और परिवार की रक्षा की गुहार लगा रहा है।









































