IND vs AFG: सिर्फ ढाई दिन में जीता भारत, अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से दी मात

0

IND vs AFG Test: भारत ने एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को यहां अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहली पारी में 152 रन पर आउट होने के बाद फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी मात्र 112 रन पर सिमट गई। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। भारत की ओर से पदार्पण मैच खेल रहे मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पहली पारी में 22 ओवर में 33 रन देकर छह विकेट झटके। वाशिंगटन सुंदर ने अफगानिस्तान की दूसरी पारी में चार विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कुलदीप यादव को तीन विकेट मिले।

भारत ने अफगानिस्तान को दिया था फॉलोआन

इससे पहले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपने करियर की पहली पारी में ही छह विकेट लेने का कारनामा किया जिससे भारत ने एकमात्र टेस्ट क्रिकेट मैच की तीसरे दिन सोमवार को यहां लंच से कुछ देर पहले अफगानिस्तान को पहली पारी में 152 रन पर समेट दिया। भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। इस तरह से उसने अफगानिस्तान पर पहली पारी के आधार पर 412 रन की बढ़त हासिल की। सुथार ने 33 रन देकर छह विकेट लिए। उनके अलावा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 37 रन देकर तीन और ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने 21 रन देकर एक विकेट लिया।

स्टेडियम में मौजूद थे मात्र 500 दर्शक

हालांकि, जब टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे सुथार ने एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल की तो स्टेडियम में इसका जश्न मनाने के लिए मुश्किल से 500 लोग ही मौजूद थे। उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लेने वाले 10वें भारतीय गेंदबाज बनकर इतिहास रचा। वह अपने पहले ही टेस्ट मैच में यह मुकाम हासिल करने वाले सातवें स्पिनर हैं। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के पास सुथार की बलखाती गेंदों का कोई जवाब नहीं था। दूसरे दिन दोपहर में अपनी गति और धीमी पिच पर टर्न हासिल करने अपनी क्षमता से प्रभावित करने के बाद यह तो तय था कि वह पांच विकेट पूरे कर लेंगे।

पहली पारी में रहमत शाह ने बनाए 60 रन

अफगानिस्तान की तरफ से रहमत शाह (135 गेंदों पर 60 रन) एकमात्र बल्लेबाज थे जिन्होंने कुछ संघर्ष किया। उन्होंने स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवाया। सुथार का यह पारी में पांचवा विकेट था। रहमत और चोटिल शराफुद्दीन अशरफ (11) ने बीच में लगभग 11 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया था। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण काफी दर्द में दिख रहे अशरफ लंगड़ाते हुए चल रहे थे और कई बार रहमत को एक रन लेने से भी मना करना पड़ा, जिससे स्कोरबोर्ड चलायमान नहीं रहा। सुथार ने अशरफ को टर्न लेती गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाज बने रहमत ने अपनी पारी में एक छक्का और नौ चौके लगाए, लेकिन सुथार के सामने वह सहज नहीं दिखे। सुथार ने उन्हें बोल्ड किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here