नई दिल्ली: सरकारी तेल कंपनियों ने रविवार को घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की। इसके बाद केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है। मंत्रालय का कहना है कि इस बढ़ोतरी के बाद भी भारतीय परिवारों को दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले सबसे सस्ती दरों पर रसोई गैस मिल रही है।
पश्चिम एशिया (खाड़ी देशों) में चल रहे युद्ध के कारण यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है, जिससे घरेलू सिलेंडर के दाम कुल मिलाकर 89 रुपये महंगे हो चुके हैं। इस नए बदलाव के बाद दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई है।कंपनियों को 700 रुपये का घाटा
मंत्रालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी को 14.2 किलो का सिलेंडर 642 रुपये में मिलता है। वहीं सामान्य उपभोक्ता दिल्ली में इसे 942 रुपये में खरीदता है। जबकि इसकी वास्तविक आपूर्ति लागत अब 1600 रुपये से अधिक हो चुकी है। ऐसे में तेल कंपनियों को एक सिलेंडर पर करीब 700 रुपये का नुकसान हो रहा है।










































