Post Office RD Scheme: एक बड़े फंड को तैयार करने के लिए हर महीने की छोटी बचत काम आ सकती है। आप हर महीने की छोटी बचत के लिए पोस्ट ऑफिस की आरडी स्कीम चुन सकते हैं।Post Office RD Scheme: अगर आप हर महीने अपनी कमाई से कुछ पैसे बचाकर भविष्य के लिए बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीम आपके काम आ सकती है। इस सरकारी बचत योजना में हर महीने एक निश्चित राशि जमा करनी होती है। खास बात है कि इसमें छोटी रकम से निवेश शुरू किया जा सकता है। अगर आप हर महीने 6,000 रुपये जमा करते हैं, तो पांच साल में चार लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस स्कीम में निवेश और ब्याज का पूरा हिसाब-
पोस्ट ऑफिस आरडी पर कितना ब्याज?
पोस्ट ऑफिस की पांच साल वाली आरडी स्कीम पर फिलहाल सालाना 6.7 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है। सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। इस योजना में ब्याज की गणना तिमाही चक्रवृद्धि आधार पर होती है। यानी जमा राशि के साथ ब्याज पर भी ब्याज जुड़ता है। खाता खोलते समय लागू ब्याज दर पांच साल की अवधि के लिए तय रहती है।
हर महीने 6,000 रुपये जमा करने पर कितना मिलेगा?
अगर आप पोस्ट ऑफिस आरडी में हर महीने 6,000 रुपये जमा करते हैं, तो एक साल में आपका निवेश 72,000 रुपये होगा। पांच साल यानी 60 महीनों में कुल 3,60,000 रुपये जमा होंगे। मौजूदा 6.7 प्रतिशत सालाना ब्याज दर के हिसाब से मैच्योरिटी पर लगभग 4,28,195 रुपये मिल सकते हैं। इसमें करीब 68,195 रुपये ब्याज से कमाई होगी। इस तरह बिना शेयर बाजार का जोखिम उठाए आप नियमित बचत से अच्छा फंड तैयार कर सकते हैं। हालांकि, वास्तविक राशि जमा करने की तारीख और लागू नियमों पर निर्भर करेगी।
कितने रुपये से खोल सकते हैं खाता?
पोस्ट ऑफिस आरडी में सिर्फ 100 रुपये महीने से निवेश शुरू किया जा सकता है। इसके बाद 10 रुपये के गुणक में रकम जमा कर सकते हैं। निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है। इसमें सिंगल और जॉइंट अकाउंट खोलने की सुविधा मिलती है। माता-पिता अपने नाबालिग बच्चे के नाम पर भी खाता खुलवा सकते हैं।
जरूरत पड़ने पर मिलेगा लोन
पोस्ट ऑफिस आरडी में निवेशकों को लोन की सुविधा भी मिलती है। लगातार 12 मासिक किस्तें जमा करने के बाद खाते में मौजूद राशि का 50 प्रतिशत तक लोन लिया जा सकता है। इसके अलावा तीन साल पूरे होने पर समय से पहले खाता बंद करने की सुविधा भी है। हालांकि, ऐसा करने पर बचत खाते की ब्याज दर लागू होती है। इसलिए निवेश से पहले अपनी जरूरत और बचत क्षमता का ध्यान जरूर रखें।







































