दुनिया की सबसे बड़ी स्टेबलकॉइन को इश्यू करने वाली क्रिप्टो कंपनी टीथर (Tether) का गोल्ड रिजर्व 132 टन के रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। कंपनी ने मार्च तिमाही में करीब 6 टन सोना खरीदा जबकि पिछली तिमाही में उसने 27 टन सोना खरीदा था। यह कंपनी टीथर स्टेबलकॉइन (Tether – USDT) जारी करती है। इसे ब्लॉकचेन नेटवर्क पर अमेरिकी डॉलर के मूल्य को स्थिर रखने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी वैल्यू हमेशा करीब 1 अमेरिकी डॉलर के बराबर रहती है। इसे डिजिटल डॉलर कहा जाता है। अब तक करीब 189.5 अरब डॉलर के टोकन सर्कुलेशन में है।
टीथर का गोल्ड रिजर्व अब 132 टन पहुंच चुका है जिसकी कीमत 19.8 अरब डॉलर है। कंपनी की गोल्ड होल्डिंग्स पिछले 12 महीने में दोगुना हो चुका है और इसकी वैल्यू इस दौरान करीब तिगुनी हो चुकी है। 2025 में कंपनी ने पोलैंड को छोड़कर बाकी सभी देशों के सेंट्रल बैंक से ज्यादा गोल्ड खरीदा। पिछले साल भारत के सेंट्रल बैंक आरबीआई ने केवल 4 टन सोना खरीदा जबकि 2024 में उसने 72.6 टन सोना खरीदा था। इस कंपनी का हेडक्वार्टर अल साल्वाडोर में है।










































