कीव: यूक्रेन ने एक बार फिर रूसी सुखोई Su-35 फाइटर जेट को मार गिराया है। Su-35 को अमेरिकी पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम के जरिए गिराया गया है। यह घटना 7 जुलाई की बताई जा रही है, जब रूसी Su-35 यूक्रेन में एक मिशन पर जा रहा था। इस दौरान कुर्स्क इलाके में बॉर्डर पर तैनात MIM-104 पैट्रियट लॉन्ग-रेंज एयर डिफेंस सिस्टम ने रूसी Su-35 की घुसपैठ का पता लगाया और सटीक निशाना लगाते हुए उसे ढेर कर दिया। हालांकि, इस घटना में रूसी Su-35 का पायलट सुरक्षित बचने में कामयाब रहा।
पैट्रियट सिस्टम से परेशान है रूस
पैट्रियट ने इससे पहले भी कई रूसी लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों का शिकार किया है। इनमें एक Su-34 स्ट्राइक फाइटर, एक Su-35 फाइटर और एक Mi-8 हेलीकॉप्टर शामिल हैं। इसकी एक जगह से दूसरी जगह जल्द तैनात होने की क्षमता, अधिक लक्ष्यों की ट्रैकिंग और बहुत ज्यादा एंगेजमेंट रेंज ने रूस को काफी परेशान किया है। रूसी लड़ाकू विमान आमतौर पर यूक्रेन के मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPADS) के निशाने पर आने से बचने के लिए ज्यादा ऊंचाई से उड़ान भरते हैं, जबकि पैट्रियट लंबी दूरी पर ज्यादा ऊंचाई पर उड़ने वाले लड़ाकू विमानों को मार गिराने में माहिर है।
रूस ने पैट्रियट को चुन-चुन कर निशाना बनाया
यूक्रेन लंबे समय से पैट्रियट सिस्टम के लिए मिसाइल इंटरसेप्टर्स की भारी कमी से जूझ रहा है। इसके अलावा रूस ने बड़ी संख्या में पैट्रियट मिसाइल बैटरियों को निशाना बनाया है। रूसी किंजल और इस्कंदर मिसाइलों ने पैट्रियट को बहुत ज्यादा परेशान किया है। इस कारण यूक्रेन लगातार पैट्रियट इंटरसेप्टर्स पाने की गुहार लगा रहा है। अब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल बनाने का लाइसेंस देगा।
MIM-104 पैट्रियट की खासियतें जानें
- MIM-104 पैट्रियट यूक्रेन के पास मौजूद सबसे लंबी रेंज वाला मोबाइल एयर डिफेंस सिस्टम है।
- MIM-104 पैट्रियट को अमेरिका की कंपनी रेथियान ने डिजाइन और निर्मित किया है।
- यह एक उन्नत, जमीन-से-हवा में मार करने वाला एयर डिफेंस सिस्टम है।
- इसे मुख्य रूप से दुश्मन के विमानों, ड्रोन्स, क्रूज मिसाइलों और सामरिक बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है।
- पैट्रियट मिसाइलों की रेंज वेरिएंट के आधार पर लगभग 70 किलोमीटर से 160 किलोमीटर तक होती है।
- पैट्रियट AN/MPQ-53 या उन्नत AN/MPQ-65A फेज्ड ऐरे रडार (Phased Array Radar) का उपयोग करता है।










































