राजनाथ ने कहा कि आतंकवाद पर दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए, संप्रभुता के सम्मान के साथ कनेक्टिविटी जरूरी है। उन्होंने कहा, आतंकवाद को किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता ।Rajnath Singh: SCO में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को लेकर भारत का रुख फिर दोहराया है। साथ ही उन्होंने देशों के बीच कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया। राजनाथ ने कहा कि आतंकवाद पर दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए, संप्रभुता के सम्मान के साथ कनेक्टिविटी जरूरी है। राजनाथ सिंह जब आतंकवाद पर बयान दे रहे थे उस वक्त पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार भी वहां मौजूद थे। राजनाथ सिंह ने इस मंच पर पाकिस्तान को पूरी तरह बेनकाब कर दिया।
आतंकवाद पर कोई दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए
राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में कहा, आतंकवाद को किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। आतंकवाद पर कोई दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए। आतंकियों को वित्तीय मदद, समर्थन या सुरक्षित ठिकाने देने वालों के लिए भी कोई जगह नहीं होनी चाहिए आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को सामूहिक और दृढ़ प्रयासों से खत्म करने की अपील की। आतंकवाद शांति और विकास के लिए गंभीर खतरा है। आतंकवाद से निर्दोष लोगों की जान जाती है, निवेश और व्यापार बाधित होते हैं और युवाओं के अवसर छिनते हैं।
कनेक्टिविटी परामर्श का किया जिक्र
राजनाथ ने कहा, कनेक्टिविटी परामर्श और सभी संबंधित देशों की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर आधारित होनी चाहिए। भारत इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर और चाबहार पोर्ट जैसी पहलों का समर्थन करता है, जो मध्य एशिया को व्यापक बाजारों से जोड़ सकती हैं। भारत इस साल के अंत में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम की मेजबानी करेगा। सभी SCO सदस्य देशों को इसमें भाग लेने का निमंत्रण दिया गया है।










































