इंटर स्टेट कराटे चैंपियनशिप का रोमांच, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

0

विजेता खिलाड़ियों को पदक व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित,
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को मिला खेल रत्न अवॉर्ड
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। खेल एवं कल्याण विभाग के कराटे प्रशिक्षण केंद्र बालाघाट में एक दिवसीय इंटर स्टेट कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश कराते स्पोर्ट्स प्रशिक्षण एवं एजुकेशन एसोसिएशन तथा इंदौर एसकेएफआई एसोसिएशन मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया।वही पुरस्कार वितरण के साथ प्रतियोगिता का समापन किया गया।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को खेल रत्न अवॉर्ड
प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों द्वारा इंटर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कराटे में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जबलपुर महाकौशल द्वारा प्रदान किए गए खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि किरण भाई त्रिवेदी, विशिष्ट अतिथि जीपी बर्मन, रायपुर से आए कराटे प्रशिक्षक इशांत महंत, इंदौर से अमय लश्करी, उज्जैन से आए कराटे प्रशिक्षक तथा संस्था सचिव संतोष पारधी सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं खेल रत्न अवॉर्ड प्रदान किए।इस अवसर पर संस्था के सदस्य शुभम मनेश्वर, साक्षी खैरकर, संजू मेश्राम, विनय श्रीवास्तव एवं अनिल सावंनकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षकों को भी मिले प्रशिक्षण व प्रतियोगिता के प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान भोपाल में आयोजित मध्य प्रदेश थागता मार्शल आर्ट एसोसिएशन के रेफरी सेमिनार एवं ट्रेनिंग में भाग लेने वाले जिले के चार प्रशिक्षकों संतोष पारधी, शुभम मनेश्वर, अनिल सावंनकर एवं साक्षी खैरकर को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही दतिया में आयोजित सातवीं स्टेट चैंपियनशिप से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रदान कर प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

बालाघाट के खिलाड़ियों ने जीते पदक
इंटर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में बालाघाट के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मौलिक कावरे ने रजत पदक, सुशांक पारधी ने रजत पदक, हर्षिता गौतम ने रजत पदक, आकाश ठाकरे ने कांस्य पदक तथा साक्षी दादरे ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं रिया राकेशिया और उमंग जंघेले ने प्रतियोगिता में सहभागी के रूप में हिस्सा लिया।सभी खिलाड़ियों को जिला थागता मार्शल आर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी एवं कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here