तेहरान: पाकिस्तान के नेताओं ने हालिया दिनों में लगातार ईरान के दौरे किए हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी बीते एक हफ्ते में दो बार तेहरान की यात्रा कर चुके हैं। पाकिस्तान की कोशिश है कि ईरान और अमेरिका के बीच गतिरोध टूटे और दोनों देश समझौते पर पहुंचे। इस्लामाबाद में अप्रैल में दोनों देशों की वार्ता को पाकिस्तानी नेताओं ने दुनिया में अपने देश का कद बढ़ने की तरह पेश किया था। ऐसे में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर चाहते हैं कि उनकी मध्यस्थता में दोनों देशों में कोई डील हो जाए। ईरान-अमेरिका में तनाव के चलते पाकिस्तानियों को डर है कि मध्यस्थ के तौर पर खाली हाथ ना रह जाए।
ट्रिब्यून के मुताबिक, पाकिस्तान दूसरे क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर ईरान-अमेरिका में स्टैंडबाय समझौते के लिए जोर दे रहा है। इस समझौते का मकसद ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध को औपचारिक रूप से खत्म करना है। साथ ही उन विवादित मुद्दों को सुलझाने के लिए एक ढांचा तैयार करना है, जो दोनों मुल्कों के बीच मतभेद पैदा कर रहे हैं।










































