लामता थाना क्षेत्र के ग्राम चरेगांव में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कुएं से पानी खींचते समय एक किशोरी रस्सा बाल्टी सहित कुएं में गिरने से घायल हो गई। घायल किशोरी स्वाति पिता निगम धुर्वे 17 वर्ष ग्राम चरेगाव निवासी को जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चरेगांव निवासी निगम धुर्वे अपने परिवार के साथ मजदूरी करते हैं। जिनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी स्वाति धुर्वे इसी वर्ष कक्षा दसवीं उत्तीर्ण होकर 11वीं में पहुंची है। यह भी बताया गया है कि निगम धुर्वे के घर के कुछ दूरी पर शासकीय कुआं है। गांव के लोग निस्तार के लिए पानी लेते हैं। यह भी बताया गया है कि इस कुएं में पानी निकालने के लिए लगाई गई घिरनी के दोनों साइड के एंगल जंग लगने के कारण काफी खराब हो चुके थे। इसके बावजूद भी गांव के लोग पानी यहीं से निकलते थे। रोज की तरह 27 मई को सुबह 9:30 स्वाति धुर्वे रस्सी बाल्टी लेकर इस शासकीय कुएं में पानी लेने के लिए गई थी जैसे ही स्वाति धुर्वे ने घिरनी से कुएं के अंदर रस्सा बाल्टी डाली और पानी से भरी बाल्टी घिरनी से ऊपर खींच रही थी। तभी अचानक लोहे के एंगल टूट गए। जिससे स्वाति धुर्वे का संतुलन बिगड़ गया और वह रस्सा बाल्टी सहित कुएं के अंदर जा गिरी। उस समय कुछ लोग पास में ही थे जिनके चिल्लाने पर मोहल्ले पड़ोस के अलावा स्वाति के परिवार के लोग दौड़े और खटिया रस्सी से बांधकर कुएं में डालें और स्वाति को बाहर निकले और उसे चरेगाव ही अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बालाघाट लाकर भर्ती किया गया है।










































