खंडवा। खंडवा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मोरटक्का से ओंकारेश्वर रोड पर नहर के पास हुआ, जहां गोबर खाद से भरी ट्रॉली और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली में गोबर खाद भरा हुआ था और ट्रैक्टर ओंकारेश्वर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर चार लोग सवार होकर गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक सवार नहर किनारे के रास्ते से बड़वाह जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी हादसा हो गया। हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से एक महिला मनीषा पति दिलीप डावर निवासी बड़वाह की मौके पर ही मौत हो गई।युवक खाद के नीचे दब गया था
वहीं एक युवक भी ट्रॉली और खाद के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाल लिया। युवक की जान बचाने का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण और राहगीर मिलकर उसे बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं।
हादसे में बाइक चालक और एक बच्चे सहित अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि संकरी सड़क और असावधानी के चलते हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।










































