नई दिल्ली: फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट को नौ नोटिस जारी किए हैं। कई ग्राहकों की शिकायतों के बाद कंपनी को ये नोटिस जारी किए गए हैं। इन शिकायतों में ग्राहकों ने फूड बिजनेस ऑपरेटर पर एक्सपायर हो चुके, खराब, सड़े-गले, दूषित और असुरक्षित फूड प्रोडक्ट्स सप्लाई करने के आरोप लगाए हैं। रेगुलेटरी बॉडी ने स्विगी इंस्टामार्ट को इस बारे में विस्तृत स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने पर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट से कहा है कि वह खाद्य नियमों के कथित उल्लंघनों और उन हालात के बारे में दस्तावेजी सबूतों के साथ जानकारी दें जिनकी वजह से ये घटनाएं हुईं। साथ ही प्लेटफॉर्म को क्वालिटी एश्योरेंस, खाद्य सुरक्षा निगरानी, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, स्टॉक रोटेशन, स्वच्छता, स्टोरेज, हैंडलिंग के तरीकों और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अपनाए गए इंटरनल कंट्रोल की जानकारी देने का आदेश दिया है।खराब प्रोडक्ट्स
फूड रेगुलेटर ने कहा कि क्विक डिलीवरी प्लेटफॉर्म से मिले NOICE Eggs को ऐसे ब्रांड नाम के तहत बेचा जा रहा था जो मौजूदा FSSAI लाइसेंस में मंजूर प्रोडक्ट कैटेगरी में शामिल नहीं था। कंपनी को पहले निर्देश दिया गया था कि जब तक प्रोडक्ट वैध लाइसेंस के तहत न हो, तब तक उसे न बेचे और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस में बदलाव के लिए आवेदन करे।
ग्राहकों Instamart के जरिए खराब हो चुके अंडे और दूध के साथ-साथ खराब पैकेज्ड फूड आइटम की डिलीवरी का भी आरोप लगाया गया। कई प्रोडक्ट्स को उनकी एक्सपायरी डेट के बाद सप्लाई किया गया था। जांच में यह भी पाया गया कि Akshayakalpa Organic Egg एक्सपायर हो चुके थे, सड़ गए थे, उनसे बदबू आ रही थी और उनमें गंदगी या खराबी के निशान थे। इस वजह से यह प्रोडक्ट इंसानों के खाने लायक नहीं रह गया था।










































