आप उन्हें पसंद करें या नापसंद, लेकिन आप उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकते। जी हां, हम बात कर रहे हैं राखी सावंत की। ‘बिग बॉस मराठी’ सीजन 6 में अपनी मौजूदगी से धूम मचाने के बाद, राखी फिलहाल इंटरव्यू देने खूब में व्यस्त हैं। अपने संघर्षों और सफलताओं की कहानियों से लेकर अपनी शादी, सर्जरी, फिल्मों और निजी मुश्किलों तक, राखी ने अपने जीवन का एक ऐसा पहलू उजागर किया है जिसे लोगों ने पहले कभी नहीं देखा था।
कॉमेडियन भारती सिंह के पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए राखी सावंत ने अपने मुश्किल बचपन और मनोरंजन जगत में अपने सफर के बारे में खुलकर बताया। आर्थिक तंगी से जूझते परिवार से आने वाली राखी ने बताया कि बड़े सपने देखते हुए भी उन्हें कम उम्र में ही कई छोटे-मोटे काम करने पड़े। 11 साल की उम्र में ब्रेस्ट सर्जरी से लेकर दिल टूटने, शादी और तलाक तक, एक्ट्रेस ने बातचीत के दौरान अपने जीवन का कोई भी पहलू नहीं छोड़ा।
‘जोरू का गुलाम’ के सेट का किस्सा
बॉलीवुड में अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए राखी ने गोविंदा और ट्विंकल खन्ना की फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ के सेट से जुड़ा एक मजेदार लेकिन चौंकाने वाला किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें गोविंदा के साथ फेमस आइटम सॉन्ग ‘खुला है मेरा पिंजरा’ लगभग संयोग से मिल गया। राखी ने बताया, ‘मैं अपने घर से उतर रही थी तभी मेरी मुलाकात ‘जोरू का गुलाम’ के डायरेक्टर शकील नूरानी से हुई।’
गोविंदा ने मुंह पर मारी डकार
राखी ने आगे कहा, ‘उन्होंने मुझसे पूछा, ‘तुम नाचती हो ना?’ मैंने हां कहा, और इस तरह मुझे आइटम नंबर मिल गया।’ शूटिंग के एक और पल को शेयर करते हुए राखी ने कहा, ‘मैं सुबह छह बजे सेट पर पहुंची और घंटों इंतजार किया क्योंकि मैं गोविंदा सर की बहुत बड़ी फैन थी। जब आखिरकार वह आए, तो मैंने उन्हें ‘नमस्ते’ कहा, और उन्होंने मेरे मुंह पर ही डकार मार दी। वह बहुत जोर की डकार थी, खाना खाकर आए होंगे।’
राखी ने डकार को ‘आशीर्वाद’ मान लिया
हालांकि, राखी ने आगे कहा कि उन्हें इससे कभी कोई आपत्ति नहीं हुई। उन्होंने मजाक में कहा, ‘मैंने इसे आशीर्वाद समझा।’ एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि उन लोगों के पास शूटिंग के लिए कपड़े भी नहीं थे और गाने के लिए उन्हें अपनी ड्रेस खुद लानी पड़ी।










































