जिस बल्लेबाज को अश्विन ने बनाया अपना आखिरी IPL विकेट, उसकी तारीफ में दिया बड़ा बयान

0

जयपुर,(भाषा)। भारत के पूर्व स्टार स्पिनर आर अश्विन अब क्रिकेट फील्ड में नजर नहीं आते हैं। लेकिन वह आईपीएल 2026 में कमेंट्री करते हुए खूब चर्चा में हैं। उन्होंने अपने करियर में बड़े रिकॉर्ड्स कायम किया और कई धुरंधरों को अपनी फिरकी में फंसाया है। आईपीएल में उनका आखिरी विकेट वैभव सूर्यवंशी थे, जो इस सीजन बड़े-बड़े गेंदबाजों के लिए सिर दर्द बन गए हैं। अब अश्विन ने वैभव को लेकर बड़ा बयान दिया है।

भारत के महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन चाहते हैं कि युवा तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम के लिए तीनों प्रारूप में खेलें। राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी का आगाज करते हुए सूर्यवंशी ने एक निडर खिलाड़ी के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह मौजूदा आईपीएल सत्र में बेहतरीन गेंदबाजों का भी बड़ी आसानी से सामना कर रहे हैं।

‘हर गेंदबाज की धुनाई कर रहा’

अश्विन ने कहा, वह हर गेंदबाज की धुनाई कर रहा है। मुझे उसे टेस्ट मैच में खेलते देखने में कोई दिक्कत नहीं होगी और मुझे उसे खेल के तीनों प्रारूप में खेलते हुए देखने में भी कोई समस्या नहीं होगी। उसे क्रिकेट के मैदान पर उतारो, लोगों को मैच देखने के लिए बुलाओ क्योंकि वह आपका भरपूर मनोरंजन करेगा।

‘बॉक्स-ऑफिस खिलाड़ी’

उन्होंने कहा, वह कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। वह क्रिकेट की गेंद पर अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। जिस तरह से वह अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में खेला था उसे देखकर लगता है कि वह एक ’बॉक्स-ऑफिस’ खिलाड़ी है।

अश्विन ने कहा, आपके क्रिकेट करियर में ऐसे बहुत कम मौके आते हैं जब आप अपने क्रिकेट का पूरी तरह से आनंद ले पाते हैं और वह अभी सिर्फ 15 साल का है। मुझे लगता है कि हमें उसे बस अपने मन की करने देना चाहिए।

दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ दिखे सहज

अश्विन ने 15 साल के इस खिलाड़ी का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान रॉयल्स को उसे अपनी मर्जी से उसी तरह खेलने देना चाहिए जैसा वह अब तक खेलता आया है। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की है और जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और में मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों के सामने पूरी तरह से सहज होकर खेला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here