नई दिल्ली। दुनियाभर में इबोला वायरस के बढ़ते खतरों के बीच भारत में भी एहतियाती कदम उठाए जाने शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में, 23 मई को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची एक 28 वर्षीय युगांडा की महिला को एहतियात के तौर पर इंदिरा नगर के एपिडेमिक डिजीज हॉस्पिटल में आइसोलेट कर दिया गया है। संक्रमण की पुष्टि के लिए महिला के सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेज दिए गए हैं।महिला में दिखे हल्के लक्षण
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ऋत्विक रंजनम पांडे ने बताया कि महिला में बुखार जैसे कोई स्पष्ट लक्षण नहीं थे। हालांकि, एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने महिला में थकान और शरीर में दर्द जैसे बेहद हल्के लक्षण दर्ज किए, जिसके बाद तुरंत सैंपल लेने का फैसला किया गया। युगांडा से आने के बाद महिला ने शुरू में एक होटल में चेक-इन किया था, लेकिन स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।









































