धार। कुक्षी क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। उक्त घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। 23 मार्च को हुई इस वारदात का खुलासा करीब 25 दिन बाद तब हुआ, जब डर और धमकी के साए में चुप रही बच्ची ने आखिरकार स्वजन को पूरी आपबीती बताई।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने बालिका को बहला-फुसलाकर छत पर ले गया, जहां उसके साथ गलत कृत्य किया। घटना के बाद आरोपित ने बच्ची को जान से मारने की धमकी दी।
इससे वह लंबे समय तक सहमी रही और किसी को कुछ नहीं बता सकी। 17 अप्रैल को जब बच्ची ने स्वजन के सामने घटना का जिक्र किया तो स्वजन तुरंत थाने पहुंचे।
मौखिक रिपोर्ट के आधार पर धार के महिला थाने पर पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में सीएसपी सुजावल जग्गा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पाक्सो एक्ट और एससी व एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










































