बालाघाट/ पत्नी को मायके से लेने ससुराल पहुंचे युवक पर पुरानी रंजिश के चलते साले ने लठ से हमला कर दिया। यह घटना किरनापुर थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम खारा में हुई। हमले में घायल युवक राजेश पिता सुखलाल बहेटवार 35 वर्ष ग्राम हट्टा निवासी है जिसे जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हट्टा निवासी राजेश बहेटवार पेंटिंग का काम करता है। उसकी शादी 2020 में खारा निवासी राखी से हुई थी। दंपति की दो बेटियां हैं और बड़ी बेटी फिलहाल ननिहाल खारा में ही रहती है।राजेश और उसके साले रामकुमार मसकरे के बीच पहले से विवाद चल रहा था। राजेश की पत्नी राखी 8-10 दिन पहले अपने मायके खारा आई हुई थी। दंपति को मजदूरी के लिए नागपुर जाना था। इसलिए 25 मई को राजेश अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था।
शाम करीब 6-7 बजे जब राखी घर में काम कर रही थी।तभी रामकुमार मसकरे बाहर से आया। उसने पुरानी रंजिश निकालते हुए जीजा राजेश को पहले जोरदार थप्पड़ जड़ा और फिर घर के बाहर खींचकर लठ से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर राखी दौड़ी और बीच-बचाव कर पति को छुड़ाया।हमले राजेश घायल हो गया था। जो खुद बस से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचा। जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने राजेश का बयान लेकर अस्पताल तहरीर तैयार की है। घटनास्थल किरनापुर थाना क्षेत्र का होने से तहरीर अग्रिम कार्रवाई के लिए किरनापुर पुलिस को भेज दी गई है।










































