मलयालम फिल्मों के प्रोड्यूसर और बिजनसमैन मुरली कुन्नुमपुराथ को मॉलीवुड में ‘वेल्लम’ जैसी फिल्म के लिए जाना जाता है। जयसूर्या स्टारर इस फिल्म ने साल 2021 में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। लेकिन मुरली का अब एक भावुक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपनी तंगहाली और आपबीती सुना रहे हैं। इस वीडियो में वह काफी परेशान दिख रहे हैं, जिस कारण साउथ सिनेमा के दर्शक भी चिंता में हैं। करीब साढ़े 3 मिनट के इस वीडियो में मुरली अपने मुश्किल हालात और आर्थिक परेशानियों का जिक्र कर रहे हैं। वह कहते हैं कि उन्हें इंडस्ट्री में बहुत सारे धोखे मिले हैं, जिनसे उनका दिल टूट गया है। वह बेहद भावुक होकर कहते हैं कि राइटर अभिलाष पिल्लई और डायरेक्टर विष्णु शशि शंकर भरोसे के लायक नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों पर भरोसा न करें। कर्ज में डूबे मुरली कहते हैं कि उनकी हालत ऐसी हो गई है कि उनके पास जिंदगी को खत्म करने के अलावा कोई चारा नहीं है।
‘वेल्लम’ फिल्म केरल में जन्मे बिजनसमैन मुरली कुन्नुमपुराथ के जीवन पर आधारित है। वह कभी शराब की लत में डूबे हुए थे, लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी को एक पूरी तरह से बदला और राज्य के एक सफल व्यवसायी बने। फेसबुक पर शेयर किए गए अपने वीडियो में मुरली ने साफ किया कि पर्दे पर उनकी जो छवि दिखाई गई है, वह असल जिंदगी से काफी अलग है। उन्होंने खुद को एक आम इंसान बताया है, जो आज भी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।










































