मैहर। जिला पुलिस बल मैहर ने जनहित में साइबर एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों को “काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी)” के नाम पर भेजे जा रहे संदिग्ध लिंक और एपीके फाइलों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी लोगों के मोबाइल पर फर्जी लिंक एवं एपीके फाइल भेजकर उन्हें डाउनलोड और इंस्टॉल कराने का प्रयास कर रहे हैं।गोपनीय डेटा चोरी कर आर्थिक धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं
जानकारी के मुताबिक, इन फाइलों को इंस्टॉल करते ही साइबर ठग मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लेते हैं और बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, सोशल मीडिया अकाउंट तथा अन्य गोपनीय डेटा चोरी कर आर्थिक धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे संदेशों में सदस्यता अभियान, सर्वे, लाभ योजना, चुनावी प्रचार और विशेष ऑफर जैसे आकर्षक विषयों का इस्तेमाल कर लोगों को लिंक खोलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों से ही एप्लिकेशन इंस्टॉल करें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति अज्ञात व्यक्ति को न दें।
साइबर धोखाधड़ी का शिकार हों तो संपर्क करें
यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का संदिग्ध लिंक प्राप्त होता है या साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने और नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील की गई है।










































