वैनगंगा नदी के दवनाधार घाट पर मिला चार दिन से लापता युवती का शव

0

पोस्ट ऑफिस में ब्रांच पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत थी सपना ठाकुर

मौत की वजह स्पष्ट नहीं; पुलिस जांच में जुटी

बालाघाट। चांगोटोला थाना क्षेत्र के ग्राम पादरीगंज के समीप वैनगंगा नदी के दवनाधार घाट पर सोमवार को चार दिन से लापता युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सपना ठाकुर पिता भागचंद ठाकुर 23वर्ष ग्राम समनापुर, थाना नैनपुर जिला मंडला निवासी के नाम से हुई । युवती 16 अक्टूबर से अपने घर से लापता थी। उसकी गुमशुदगी के मामले में नैनपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण कर बंधक बनाकर रखने के आरोप में अपराध दर्ज किया था। फिलहाल युवती की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। चांगोटोला पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चार दिन से लापता थी युवती

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला जिले के ग्राम समनापुर निवासी सपना ठाकुर पिछले छह-सात महीनों से शासकीय डाकघर मक्के में ब्रांच पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत थी। वह प्रतिदिन अपनी स्कूटी से घर से कार्यालय आना-जाना करती थी। 16 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे वह स्कूटी से घर से निकली थी लेकिन शाम पांच बजे तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन बंद मिला।
शाम सात बजे तक इंतजार करने के बाद परिजन मक्के स्थित कार्यालय पहुंचे जहां ताला लगा हुआ था। सपना के वहां नहीं मिलने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के परिचितों के यहां तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसके भाई पंकज ठाकुर ने नैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण कर बंदी बनाकर रखने के आरोप में धारा 140(3)भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी। वहीं, परिवार के सदस्य भी अपने स्तर पर उसकी खोजबीन कर रहे थे।

नदी किनारे मिली स्कूटी और बैग

20 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे सपना की छोटी बहन सुरभि ठाकुर के मोबाइल पर उसके परिचित शैलेंद्र ग्राम ठाकुरटोला गुड्डरूनिवासी का फोन आया। उसने बताया कि ग्राम पादरीगंज के समीप वैनगंगा नदी के दवनाधार घाट पर सपना की स्कूटी और बैग रखा हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां नदी किनारे सपना की स्कूटी क्रमांक एमपी 51 एसए 0501 खड़ी मिली और उसका बैग भी वहीं रखा था।
परिजनों ने आसपास तलाश की तो नदी के दवनाधार घाट पर सपना का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर चांगोटोला थाना प्रभारी निरीक्षक एमएल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पानी में काफी समय तक रहने के कारण शव की हालत खराब हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत की परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

भाई ने प्रेम संबंध को लेकर लगाए आरोप

मृतका के भाई पंकज ठाकुर ने आरोप लगाया है कि सपना का बालाघाट निवासी अवकाश एड़े के साथ करीब 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोप है कि अवकाश उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाता था और उसे परेशान करता था। पंकज के अनुसार, सपना ने इस संबंध में अपने भाई और माता-पिता को जानकारी दी थी।परिजनों की ओर से यह संभावना भी जताई गई है कि परेशान होकर सपना घर से बिना बताए चली गई होगी। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इस घटना का किसी व्यक्ति से संबंध है यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here