डंबुला: भारतीय क्रिकेट के 15 साल के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह उनका शानदार प्रदर्शन नहीं बल्कि मैदान पर हुआ एक बड़ा विवाद है। श्रीलंका ए और इंडिया ए के बीच डंबुला में खेले गए ट्राई सीरीज के मैच के बाद सूर्यवंशी विपक्षी टीम के खिलाड़ी से भिड़ गए। असल में बेहद कम रोशनी के बावजूद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा के कहने पर अंपायर सुपर ओवर कराने के लिए राजी हुए थे। इस सुपर ओवर में श्रीलंका ने जीत दर्ज की लेकिन मैच के खत्म होते ही मैदान का माहौल गरमा गया।
इस वजह से लड़ गए वैभव
सुपर ओवर में जीत के लिए मिले 17 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 9 रन ही बना सकी जिसमें वैभव सूर्यवंशी और सुयांश शेडगे क्रीज पर मौजूद थे। हार के बाद जब सूर्यवंशी निराश होकर वापस लौट रहे थे तभी श्रीलंकाई फील्डर विशेन हलमबागे ने कथित तौर पर उन पर छींटाकशी कर दी। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक हलमबागे ने सूर्यवंशी से कहा, ‘मैच खत्म हो गया है… अब तुम घर जाओ।’










































