दो दिन चला विसर्जन भक्तिमय धुनों पर झूमे श्रद्धालु
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर में श्रीकृष्णा जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। ४ सितंबर को हिंदू धर्मावलंबियों ने पूरे विधि.विधान से भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक प्रतिमाओं को अपने अपने स्थानों पर विराजमान किया। इसके उपरांत भक्ति और उल्लास से सराबोर आयोजनों के बाद प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन किया गया।
नहरों व जलाशयों में हुआ विसर्जन
५ सितंबर की शाम से ही नगर के विभिन्न वार्डों वार्ड नंबर १,२,३ एवं १४ से होकर गुजरने वाली बड़ी नहर, शिवधाम मोहल्ला, चंदन नदी, शंकर तालाब तथा टोंडिया नाला में भव्य शोभायात्राओं के साथ प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर हाथी घोड़ा पालकी,जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। छोटे छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण की नटखट वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह रहे थे जिससे संपूर्ण नगर का वातावरण कृष्णमय व धर्ममय बन गया।
मेले जैसा रहा माहौल झूलों और दुकानों का आनंद
विसर्जन स्थलों पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले जैसा जीवंत और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। खाने पीने की स्वादिष्ट सामग्रियों, खिलौने और रंग.बिरंगे गुब्बारों की दुकानें सजी हुई थीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए जगह जगह जंपिंग झूले भी लगाए गए थे। नन्हें मुन्ने बाल गोपालों और बड़ी संख्या में उपस्थित नगर वासियों ने खरीदारी के साथ साथ झूलों और मेले का जमकर लुफ्त उठाया।
बड़ी प्रतिमाओं की निकली भव्य शोभायात्रा
छोटे स्वरूपों के विसर्जन के बाद ६ सितंबर को क्षेत्र की आदमकद बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ। इसमें खिला मुठिया स्थित गोवारी समाज समिति द्वारा स्थापित भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की प्रतिमा की तीन दिनों तक भक्तिभाव से पूजा अर्चना की गई। रविवार को हवन पूजन के उपरांत बैंड.बाजे और डीजे की धुन पर युवाओं के उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा गोलीबारी चौक, अंबेडकर चौक,नेहरू चौक, जय स्तंभ चौक, बस स्टैंड और दीनदयाल चौक होते हुए लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पास स्थित बड़ी नहर पहुंची जहां विधि.विधान से पूजन कर विसर्जन किया गया। इसी क्रम में सोसायटी शिव मंदिर से भी श्रीकृष्ण भगवान की शोभायात्रा निकाली गई। जो नगर के मुख्य मार्गों और चौक चौराहों का भ्रमण करते हुए नहर तट पहुंची और धार्मिक अनुष्ठान के साथ विसर्जन संपन्न हुआ।
पुलिस बल रही मुस्तैद
नागरिकों की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सभी विसर्जन स्थलों पर मुस्तैद रहा और पूरे क्षेत्र में पैनी नजर रखी। नगर पालिका के द्वारा प्रकाश व्यवस्था एवं चूना लाइन बिछाकर पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक सजगता और श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से बिना किसी दुर्घटना के संपन्न हुआ।










































