नई दिल्ली: विंबलडन के दौरान भारतीय क्रिकेटरों की मौजूदगी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली , रोहित शर्मा , एमएस धोनी और हाल ही में शुभमन गिल जैसे कई भारतीय स्टार्स लंदन पहुंचकर दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट का आनंद लेते नजर आए। इन खिलाड़ियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं। इसी बीच एक सवाल ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी कि आखिर पाकिस्तानी क्रिकेटर विंबलडन में क्यों नहीं दिखाई देते?
पाकिस्तानी यूजर ने पूछा सवाल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पाकिस्तानी यूजर ने पूछा कि ‘दूसरे देशों के क्रिकेटरों की तरह हमें विंबलडन में पाकिस्तानी क्रिकेटर क्यों नहीं दिखते?’ इस सवाल का जवाब भारत के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा के नाम से बने एक पैरोडी अकाउंट ने दिया। एडमिन ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘तेरे सवाल का जवाब तेरी डीपी में है। जब उनको कोई घर में नहीं पूछता, तो विंबलडन तो दूर की बात है।’ उनके इस जवाब के साथ हंसने वाली इमोजी भी थी। दरअसल, पाकिस्तानी यूजर ने अपनी प्रोफाइल पिक्चर में न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम की फोटो लगा रखी है।










































