अमेरिका में एयर ट्रैफिक संकट के बाद उड़ानों से हटी रोक, FAA ने की सेवाएं बहाल, डेनेवर एयरपोर्ट हुआ सबसे अधिक प्रभावित

0

अमरीकी उड्डयन नियामक FAA ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल रेडियो नेटवर्क में आई तकनीकी खराबी के बाद लागू राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप को वापस ले लिया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक हजारों उड़ानें रद्द होने के बाद अब परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) प्रणालियों में आई भीषण तकनीकी खराबी के बाद लागू किया गया राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) द्वारा आधिकारिक रूप से हटा लिया गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक FAA ने पुष्टि की है कि स्थिति नियंत्रण में आने के बाद प्रस्थान करने वाली सभी उड़ानों पर से रोक रद्द कर दी गई है। अमेरिकी इतिहास में डिपार्चर पर लगे इस तरह के बड़े राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध के कारण देश भर के हवाई अड्डों पर भारी अफरा-तफरी मच गई थी।

क्यों ठप हुई थीं अमेरिका की उड़ानें?

मामले की जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस बड़े संकट की मुख्य वजह L3Harris द्वारा संचालित टेलीकम्यूनिकेशन नेटवर्क में आया अचानक आउटेज था। यह नेटवर्क पूरे अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स की रेडियो फ्रिक्वेंसी और संचार लाइनों को संचालित करता है। कंट्रोल टावरों और उड़ते विमानों के बीच सीधा रेडियो संपर्क बाधित होने के कारण सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी उड़ानों को जमीन पर ही रोकने का आदेश दिया गया था। हालांकि, ईस्ट और वेस्ट कोस्ट से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, जैसे लॉस एंजिल्स से चाइना एयरलाइंस और जापान एयरलाइंस तथा न्यूयॉर्क एरिया से संचालन को टेकऑफ और लैंडिंग की अनुमति दी गई थी, क्योंकि वे प्रभावित क्षेत्रीय सेंटरों पर निर्भर नहीं थीं।

डेनेवर समेत सभी एयरपोर्ट्स हुए प्रभावित

तकनीकी खराबी सबसे पहले शिकागो के ओ’हेयर और मिडवे एयरपोर्ट पर सामने आई, जिससे सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं और बाद में देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू करना पड़ा। इस अचानक आए संकट के कारण अमेरिका का पूरा विमानन ढांचा चरमरा गया। अमेरिका के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक होने के कारण डेनवर पर इसका गहरा असर पड़ा। डेनेवेर एयरपोर्ट समेत देश के सभा एयरपोर्ट्स पर दिन भर में कम से कम 4,700 से अधिक उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दी गईं। साउथवेस्ट और जेटब्लू सहित कई प्रमुख अमरीकी एयरलाइंस ने एहतियातन शुक्रवार की अपनी सभी शेष घरेलू उड़ानों को रद्द करने का ऐलान कर दिया था।

राष्ट्रपति ट्रंप और होमलैंड सिक्योरिटी का बयान

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए व्हाइट हाउस में एक आपातकालीन ब्रीफिंग आयोजित की गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच के अनुसार यह फ्लाइट हॉल्ट किसी तरह का साइबर हमला या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम की नाकामी का नतीजा नहीं लगता है। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, यह विशुद्ध रूप से एक बड़ा तकनीकी टेलीकॉम आउटेज था जिसे ठीक कर लिया गया है। FAA द्वारा ग्राउंड स्टॉप हटाए जाने के बाद अब अमेरिकी एयरलाइंस अपने नियमित शेड्यूल को बहाल करने में जुटी हैं, हालांकि पिछले बैकलॉग के कारण अगले कुछ घंटों तक उड़ानों में देरी और री-शेड्यूलिंग का असर बने रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here