आज की ताजा खबर लाइव, 21 अक्टूबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [पंजाब ड्रग राजनीति], [भारत अमेरिका समझौता], [एक्टर टाइगर हमला] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अमेरिका के 105 से अधिक सांसदों ने संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल को पत्र लिखकर इलिनॉय में एक मंदिर पर गोलीबारी की साजिश की घृणा अपराध के तौर पर जांच किए जाने का अनुरोध किया है। इसके अलावा, अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। वहीं, भारत की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मैच में 41 गेंद में 91 रन की नाबाद पारी के जरिये लंबे खराब फॉर्म को अलविदा कहने के बाद अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकी। पढ़ें- देश व विदेश की अन्य खबरों के अपडेटआज की ताजा खबर, 21 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या की जांच CBI ने अपने हाथ में ली, ट्रंप बोले- भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पहले से काफी अलग होगा
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़),[पंजाब ड्रग राजनीति], [भारत अमेरिका समझौता], [एक्टर टाइगर हमला] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौता करने के काफी करीब हैं और यह समझौता पहले किए गए समझौतों से काफी अलग होगा। इसके अलावा, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों की एक टीम हत्या के सभी पहलुओं की जांच के लिए पंजाब पहुंच चुकी है। वहीं, यमन के तीसरे सबसे बड़े शहर ताइज के एक रिहायशी इलाके पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने हमला किया, जिसमें दो किशोरियों की मौत हो गई। मंगलवार को हुए इस हमले ने देश में बढ़ते संघर्ष के बीच ताइज के आम नागरिकों पर मंडरा रहे खतरों की ओर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है। यह शहर हमलों और घेराबंदी का लंबे समय से सामना कर रहा है। पढ़ें- देश और विदेश के अन्य खबरों के अपडेटOCT 21, 2026 10:55 IST
उधमपुर (जम्मू-कश्मीर): गाला पाचौंड में यात्री बस दुर्घटना में कम से कम 10 घायल
उधमपुर, जम्मू-कश्मीर: उधमपुर जिले के गाला पचौंड में एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद, आपात्कालीन राहत सूची, एसडीएम और चिकित्सा कर्मियों के बचाव और राहत कार्यों के लिए तत्काल राहत पर पहुंच गए। अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है।
OCT 21, 2026 09:07 IST
पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या की जांच सीबीआई ने अपने हाथ में ली; प्राथमिकी दर्ज
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों की एक टीम हत्या के सभी पहलुओं की जांच के लिए पंजाब पहुंच चुकी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को घोषणा की थी कि इस घटना की जांच सीबीआई से कराई जाएगी।
मान ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ’’हम मादक पदार्थ के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए हम इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप रहे हैं। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ हमारी जंग पूरी ताकत से जारी है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए हमें जो भी कड़े कदम उठाने पड़ेंगे, हम उनसे पीछे नहीं हटेंगे।’’
झोटा के परिजन इस हत्याकांड की सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे थे। झोटा दवा की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। उनकी 13 अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित दवा की दुकान के भीतर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
झोटा की हत्या के मामले में दुकान मालिक अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया। कुमार पर आरोप है कि जब झोटा ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीले पदार्थ बेचने को लेकर उससे सवाल किया, तो उसने झोटा पर गोली चला दी।
इस घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं।
झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के सात दिन बाद भी उनके शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। उनके परिजन एवं समर्थक इस बात पर अड़े हैं कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे।
OCT 21, 2026 09:06 IST
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता पहले के समझौतों से काफी अलग होगा : ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौता करने के काफी करीब हैं और यह समझौता पहले किए गए समझौतों से काफी अलग होगा। ट्रंप ने मंगलवार को ओवल ऑफिस (अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय) में पत्रकारों से कहा कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौता करने के काफी करीब पहुंच गए हैं।
ट्रंप ने इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, ’’वे (भारत) समझौता करना चाहते हैं। हम समझौता करेंगे। हां, हम इसके काफी करीब हैं।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ’’यह समझौता अब तक किए गए हमारे समझौतों से काफी अलग होगा।’’
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत की यात्रा के दौरान व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की।
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इस महीने की शुरुआत में व्यापार समझौते की बारीकियों पर चर्चा करने के लिए मिल्वॉकी और वाशिंगटन में अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की थी।
भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की फरवरी में घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका में शुल्क संबंधी नीतियों में बदलाव के कारण इस समझौते पर आगे भी बातचीत करनी पड़ी।
OCT 21, 2026 09:05 IST
जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार पारी के बाद रो पड़ी हरमनप्रीत
भारत की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मैच में 41 गेंद में 91 रन की नाबाद पारी के जरिये लंबे खराब फॉर्म को अलविदा कहने के बाद अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकी ।
इस महीने की शुरूआत में तीनों प्रारूपों में भारत की कप्तानी छोड़ने वाली हरमनप्रीत ने पिछले दस मैचों में अर्धशतक नहीं लगाया था ।
पारी के ब्रेक में उन्होंने मेजबान प्रसारक से कहा ,’’ बहुत अच्छा लग रहा है । मैं अपने खेल का मजा लेना चाहती थी और क्रीज पर समय बिताकर अच्छा लगा ।’’
वह पारी के बाद कमेंटेटरों से बातचीत के दौरान अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकी । उस समय वह भारतीय महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच डब्ल्यू वी रमन से बात कर रही थी जब अचानक रो पड़ी ।
उन्होंने कहा ,’’ मैं बस लंबी पारी खेलना चाहती थी और खुशी है कि ऐसा कर सकी । मुझे लगता है कि इसका श्रेय आपको (रमन) भी जाता है ।’’
हरमनप्रीत ने कहा ,’’ जब हम आये तो आपने कहा कि अब तुम वैसे ही खेलो, जैसे खेलना चाहती हो । और मैं यही करना चाहती थी , अपने खेल का मजा लेना चाहती थी । उस सलाह के लिये धन्यवाद ।’’
उन्होंने कहा कि अब कप्तानी छोड़ने के बाद उन पर कोई दबाव नहीं है । उन्होंने कहा ,’’ मुझे नहीं लगता कि किसी तरह का दबाव है । मैं बस अपने खेल का मजा लूंगी । एशियाई खेलों के बाद मैने नेट पर काफी समय बिताया । मैं हिमांशु भैया ( उनके बल्लेबाजी कोच) को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने मुझ पर काफी मेहनत की है ।’’
OCT 21, 2026 09:04 IST
टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी : तीन प्रमुख आरोपियों को कोटा से मुंबई लाया गया
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस तीनों आरोपियों को सड़क मार्ग से कोटा से मुंबई लेकर आई और यहां पहुंचते ही अनिवार्य चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया।
आरोपियों को चिकित्सकीय जांच के बाद पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ (एईसी) के कार्यालय ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, मूल रूप से बिहार के बेगूसराय के रहने वाले और वर्तमान में मुंबई में रह रहे ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन तथा हरियाणा निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है।
कोटा शहर की पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया था। मुंबई पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और वहां एक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। अदालत ने आरोपियों को मुंबई ले जाने के लिए ’ट्रांजिट रिमांड’ की मंजूरी दे दी।
इस बीच, अधिवक्ता अजिंक्य मिरगल बुधवार सुबह मुंबई में एईसी के कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को बताया कि वह इस मामले में आरोपियों की ओर से पैरवी करेंगे।
मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर रविवार शाम गोलियां चलाई थीं और वे फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। इस हमले में अभिनेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई लेकिन उनका वाहन चालक और घटनास्थल के पास मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गए थे।
मुंबई पुलिस के अनुसार, कार पर पांच-छह गोलियां चलाई गईं। हमलावरों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस हालत में मिली थी।
आरोपी वारदात के बाद सूरत भाग गए थे और वहां से जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। तीनों की योजना बस से दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की थी।
मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रेहान लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित के संपर्क में था। इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने मंगलवार को गोलीबारी के मामले में दो महिलाओं समेत चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।
एक अधिकारी ने पहले बताया था कि पुलिस को संदेह है कि ये आरोपी विदेश से आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहे गैंगस्टर अनिल पंडित के निर्देश पर काम कर रहे थे।
इन चार आरोपियों की पहचान कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। इन्हें दिल्ली और हरियाणा से पकड़ा गया था।
पुलिस के अनुसार, कुणाल ने अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से कथित तौर पर एक पिस्तौल और 20 कारतूस लिए थे। इस दौरान सुमित भी उसके साथ था। राधा और बबीता कथित तौर पर हथियार लेकर मुंबई गई थीं।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, जिस तरह से श्रॉफ पर हमला किया गया, उससे पता चलता है कि हमलावरों की साजिश उनकी हत्या करने की थी।
OCT 21, 2026 09:03 IST
इलिनॉय में मंदिर पर हमले की साजिश को घृणा अपराध मानते हुए मामले की जांच हो: अमेरिकी सांसद
अमेरिका के 105 से अधिक सांसदों ने संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल को पत्र लिखकर इलिनॉय में एक मंदिर पर गोलीबारी की साजिश की घृणा अपराध के तौर पर जांच किए जाने का अनुरोध किया है।
सांसदों ने भारतीय-अमेरिकियों को निशाना बनाकर इंटरनेट पर दी जा रही धमकियों से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी मांगी है।
राजा कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में सांसदों ने यह पत्र शिकागो के पास ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में 19 वर्षीय एक युवक द्वारा गोलीबारी करने का प्रयास किए जाने के कुछ दिनों बाद लिखा है। हालांकि, बंदूक जाम हो जाने के कारण वह गोली नहीं चला सका और एक बड़ी घटना टल गई।
चार सीनेटर सहित 105 सांसदों के इस पत्र में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के बयानों की भी आलोचना की गई है। सांसदों का कहना है कि प्रशासन के कुछ बयानों से नस्ल और धर्म से जुड़ी रूढ़िवादी धारणाओं को बढ़ावा मिला है।
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल, रो खन्ना, अमी बेरा, सुहास सुब्रमण्यम और श्री थानेदार भी शामिल हैं।
सांसदों ने गृह मंत्रालय की एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें एक सिख व्यक्ति की तस्वीर के साथ लिखा था, ’’हमारी सड़कों से हट जाओ, तुम गाड़ी चलाना नहीं जानते, मिस्टर सिंह।’’
इसके अलावा, उन्होंने शिक्षा विभाग की एक पोस्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें टेक्सास के एक रिपब्लिकन नेता द्वारा टेक्सास विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैच में दक्षिण एशियाई मूल के लोगों की मौजूदगी पर आपत्ति जताए जाने के बाद ’’मेक कॉलेज फुटबॉल ग्रेट अगेन’’ लिखा गया था।
सांसदों ने 20 अक्टूबर को लिखे पत्र में कहा, ’’हम इस बात को लेकर भी बेहद चिंतित हैं कि प्रशासन के बयानों से इन समुदायों के प्रति शत्रुता कम होने के बजाय और बढ़ सकती है।’’
उन्होंने सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर दक्षिण एशियाई मूल के लोगों के खिलाफ नफरत फैलाने वाली 5,42,000 से अधिक पोस्ट की पहचान की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच ऐसी पोस्ट की मासिक संख्या में लगभग 240 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
सांसदों ने एफबीआई से यह स्पष्ट करने का अनुरोध किया है कि क्या वह ऑरोरा मामले में संभावित नस्लीय, जातीय और धार्मिक पूर्वाग्रह के पहलुओं की जांच कर रही है।
उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या किसी ऑनलाइन मंच या अन्य व्यक्ति ने इस कथित साजिश को बढ़ावा दिया था और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
OCT 21, 2026 09:03 IST
यमन के ताइज शहर पर हूतियों का हमला; संयुक्त राष्ट्र ने जताया ‘गंभीर खतरे’ का अंदेशा
यमन के तीसरे सबसे बड़े शहर ताइज के एक रिहायशी इलाके पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने हमला किया, जिसमें दो किशोरियों की मौत हो गई।
मंगलवार को हुए इस हमले ने देश में बढ़ते संघर्ष के बीच ताइज के आम नागरिकों पर मंडरा रहे खतरों की ओर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है। यह शहर हमलों और घेराबंदी का लंबे समय से सामना कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने मंगलवार को कहा कि हूती विद्रोहियों ने ताइज की बड़े पैमाने पर घेराबंदी कर रखी है जिसके कारण शहर का संपर्क अधिकांश प्रमुख मार्गों से कट गया है और यहां के नागरिक ’’गंभीर खतरे’’ में हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम यमन में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस शहर की घेराबंदी के कारण वस्तुओं की कीमतें बढ़ गई हैं। इसके कारण कई निवासी भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं से वंचित हो गए हैं।
यमन सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को ताइज पर हुआ यह हमला सरकारी सैन्य शिविर पर हूती विद्रोहियों के हमले के ठीक एक दिन बाद हुआ। उस हमले में 73 जवानों की मौत हो गई थी।





































