कर्मचारी को चाकू की नोक पर ले गए चोर
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी पुलिस थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम डोंगरगांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। १६ जुलाई की दरमियानी रात दो अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षेत्र की चार दुकानों के ताले तोडक़र चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इतना ही नहीं चोरों ने एक दुकान में सो रहे कर्मचारी को चाकू दिखाकर बंधक बनाया और अपने साथ ले गए जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
रात ११ बजे के बाद सक्रिय हुए चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत डोंगरगांव एवं महाराजपुर के सभी दुकान संचालक रोजाना की तरह रात्रि लगभग ११ बजे अपने अपने प्रतिष्ठान बंद कर घरों को लौट चुके थे। इसी सन्नाटे का फ ायदा उठाकर दो अज्ञात युवकों ने चोरी का ताना बाना बुना। चोरों ने सिलसिलेवार ढंग से एक के बाद एक चार दुकानों के ताले चटकाए इसमें गणेशा गोयल की दुकान डोंगरगांव में लिंगमारा मार्ग किनारे स्थित इस दुकान का ताला तोड़ा गया जो बीते कुछ समय से बंद थी। विशाल बिसेन की दुकान में चोरों ने दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़ा। अंदर सो रहे कर्मचारी राजू भीमटे को चाकू दिखाकर डराया धमकाया। यहाँ से चोरों ने २ कैरेट अंडे, कंप्रेसर मशीन और हवा पंप चोरी कर लिया। वीरेंद्र नागवंशी की दुकान में चोरों ने दरवाजे का ताला तोडक़र पानी की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक्स, नकदी,गुटखा,कुरकुरे के पाउच और गैस सिलेंडर पार कर दिया। वही मोहन सोनवाने की महाराजपुर से मंगेझरी मार्ग किनारे स्थित दुकान को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया। घटना के दौरान सबसे खौफनाक मंजर विशाल बिसेन की दुकान में देखने को मिला। चोरों ने दुकान के अंदर सो रहे कर्मचारी राजू भीमटे को बंधक बना लिया। उसे चाकू दिखाकर डराया गया और अपने साथ महाराजपुर के पेट्रोल पंप तक ले गए। पेट्रोल पंप के पास पहुँचते ही राजू किसी तरह अपनी जान बचाकर वहाँ से भागा और सीधे ग्राम सरपंच के घर पहुँचा। राजू ने सरपंच को आपबीती सुनाते हुए घटना की पूरी जानकारी दी। सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इस वारदात की भनक लगी पूरे डोंगरगांव में हडक़ंप मच गया। हालांकि इस पूरी वारदात में बहुत बड़ी रकम या भारी सामान की चोरी नहीं होने के कारण शुरुआती तौर पर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। लेकिन घटना की गंभीरता और कर्मचारी के साथ हुई जबरदस्ती को देखते हुए अब पीडितों के द्वारा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
चोरो ने डोंगरगांव में आंतक मचा रखा है-विशाल बिसेन
विशाल बिसेन ने बताया कि डोंगरगांव में मेरी दुकान है साइकिल का काम करता हूं। रात ७.३० बजे में दुकान बंद कर घर गया था तो रात करीब २.३० बजे मुझे सरपंच का फ ोन आया कि तुम्हारी दुकान में चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि राजू भीमटे जो तुम्हारी दुकान में सोता है उसे चोर चाकू की नोक पर महाराजपुर पेट्रोल पंप तक लेकर गए थे जहां से वह भाग पर मेरे घर आया और जानकारी दी है। श्री बिसेन ने बताया कि मेरे बाजू की दुकान जो बंद थी वहां भी चोरी हुई है और हमारे यहां से दो अंडे की कैरेट, कंप्रेशर मोटर, हवा का पंप चोरी हुआ है। हमारा सोने वाला अकेला व्यक्ति था और वह दो चोर थे अंधेरे में बराबर पहचान नहीं हो पाई हमारे द्वारा जल्द पुलिस में शिकायत की जायेगी।
बाइट विशाल बिसेन पीड़ित










































