टवेरा वाहन और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में ३२ वर्षीय युवक की मौत

0

बालाघाट से अपने गांव हथोड़ा लौटते समय ग्राम बुदबुदा के पास हुआ हादसा

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी कटंगी मार्ग पर स्थित ग्राम बुदबुदा में ४ नवंबर की शाम करीब ७ बजे टवेरा वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में ३२ वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद पिता हीरालाल चौधरी ३२ वर्ष निवासी ग्राम हथोड़ा थाना तिरोड़ी के रूप में हुई है। वह बालाघाट में मार्केटिंग का कार्य करता था और काम समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद चौधरी ४ नवंबर को बालाघाट से अपनी मोटरसाइकिल के द्वारा ग्राम हथोड़ा के लिए रवाना हुआ था। शाम करीब ७ बजे जब वह वारासिवनी कटंगी मार्ग पर ग्राम बुदबुदा के समीप पहुंचा तभी उसकी मोटरसाइकिल की एक अज्ञात टवेरा वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद टवेरा वाहन के मालिक के द्वारा घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल वारासिवनी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी अस्पताल प्रबंधन के द्वारा वारासिवनी पुलिस एवं मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे जहां युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। वहीं पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव को सिविल अस्पताल के शव विच्छेदन गृह स्थित फ ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया गया है। ५ नवंबर की सुबह करीब १० बजे शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस के द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here