थलपति विजय के तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने से आम जनता और यहां तक कि फिल्म इंडस्ट्री को भी ढेर सारी उम्मीदें हैं। यही कारण है कि राज्य विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत से लेकर मुख्यमंत्री पद की शपथ तक, सी. जोसेफ विजय का कॉलीवुड ने बढ़-चढ़कर सपोर्ट किया है। लेकिन शासन-प्रशासन संभालने के बाद अब विजय ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसको लेकर तमिल सिनेमा के दिग्गज नाराज हो गए हैं। मुख्यमंत्री विजय ने अपनी पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कजगम’ (TVK) के प्रचार सचिव राजमोहन को ‘फिल्म टेक्नोलॉजी और सिनेमैटोग्राफ एक्ट’ से जुड़ा मंत्रालय सौंप दिया है। यही नहीं, राजमोहन को ‘स्कूल शिक्षा’ और ‘तमिल विकास एवं सूचना’ विभाग भी सौंपे गए हैं। अब इसी को लेकर एक्टर विशाल से लेकर तमाम दिग्गज नाराज हो गए हैं।
थलपति विजय का हर कदम पर पर साथ देने वाले एक्टर विशाल ने X हैंडल पर इस नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा, ‘यह देखकर खुशी हुई कि CM Joseph Vijay ने चुने हुए विधायकों को अलग-अलग मंत्रालय सौंपे हैं, लेकिन यह देखकर निराशा हुई कि माननीय मंत्री राजमोहन को ‘फिल्म टेक्नोलॉजी और सिनेमैटोग्राफ एक्ट’ का मंत्री बनाया गया है।’
हम अपनी बात ऐसे व्यक्ति के सामने कैसे रखेंगे’
‘मार्क एंटनी’ फेम विशाल ने आगे कहा, ‘मैं या हम एक संस्था या एसोसिएशन के तौर पर अपनी फिल्म इंडस्ट्री की गुजारिशें या शिकायतें किसे सुनाएंगे? हमारी इंडस्ट्री इस समय बहुत मुश्किल दौर से गुजर रही है, इसमें कई सुधारों की जरूरत है और हमें इस बिरादरी, खासकर निर्माताओं/प्रोडक्शन हाउस के लिए उम्मीद की किरण चाहिए। हम अपनी बात ऐसे व्यक्ति के सामने कैसे रखेंगे जिसे हमारी इंडस्ट्री में चल रही चीजों का बहुत कम या बिल्कुल भी अनुभव नहीं है? जबकि हमारे मुख्यमंत्री तो इस इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं। वे जमीनी स्तर से जुड़े रहे हैं और पिछले 30 साल से इस बिरादरी का हिस्सा हैं।’










































