नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी अब जेल की सलाखों के पीछे

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के विरुद्ध वारासिवनी पुलिस ने अपनी जांच पूरी करते हुए बड़ी सफ लता अर्जित की है। मामले के दोनों मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों के पास से ठगी की गई राशि और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

यह था पूरा मामला

वारासिवनी के वार्ड नंबर १ निवासी प्रीतम पिता शीतल प्रसाद डहरवाल ४६ वर्ष जो शंकर साव पटेल शासकीय महाविद्यालय में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी था। इसने महाविद्यालय में अपनी पैठ का गलत फ ायदा उठाया। जब कॉलेज में आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई तो प्रीतम ने युवाओं को नौकरी लगवाने का लालच देकर लाखों रुपये वसूलना शुरू कर दिया। इस कार्य में उसका साथ रविशंकर कबीरे ३१ वर्ष निवासी ग्राम सिहारी थाना लांजी ने दिया।

पुलिस रिमांड में हुई महत्वपूर्ण बरामदगी

विवेचना अधिकारी और उनकी टीम ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर संघन पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से पीडि़तों से ठगी गई राशि के रुपये बरामद किए गए हैं। नौकरी के नाम पर इस्तेमाल किए गए विभिन्न फ र्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं जो न्यायालय में ठोस साक्ष्य बनेंगे।

कानूनी कार्यवाही और जेल दाखिला

पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर अपराध क्रमांक १८१/२६ दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा ३१८,४ और ३,५ के तहत कार्यवाही की है। प्रीतम डहरवाल को १ मई को और रविशंकर कबीरे को ४ मई को गिरफ्तार किया गया था। रिमांड के दौरान साक्ष्यों की बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
ठगी के शिकार अन्य युवाओं से अपील
पुलिस को अंदेशा है कि आरोपियों ने और भी कई युवाओं को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया होगा। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि कोई अन्य व्यक्ति भी इस ठगी का शिकार हुआ है तो वह प्रमाणों के साथ थाना वारासिवनी में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के युवाओं में विश्वास जागा है और फर्जी नौकरी दिलाने वाले गिरोहों के बीच हडक़ंप मच गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here