बालाघाट
किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पाला में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों के साथ लाठी से मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। दोनों युवक मोहित कावरे और राहुल कावरे ग्राम मुर्री निवासी है। जिनका इलाज किरनापुर अस्पताल में किया गया। पुलिस ने आरोपी विक्की फाये के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुर्री निवासी मोहित कावरे खेती-किसानी का काम करते हैं। 8 मई की शाम मोहित अपने साथी राहुल कावरे के साथ ग्राम मोरवाही में दोस्त श्रीराम चंदेले और भरत सूर्यवंशी से मिलने गए थे। देर शाम दोनों वहां से घर लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम पाला स्थित हरिओम लॉन में राहुल के परिचित की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। दोनों शादी में शामिल होने रुक गए। रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद जब वे लॉन से बाहर निकल रहे थे।तभी ग्राम मुर्री निवासी विक्की फाये से उनका सामना हुआ। बताया जा रहा है कि विक्की की मोहित कावरे से पुरानी रंजिश थी। मोहित को देखते ही विक्की ने अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। राहुल कावरे ने जब गाली देने से मना किया तो विक्की लकड़ी लेकर आ गया और राहुल के सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहित पर भी विक्की ने लकड़ी से हमला कर दिया। मारपीट में मोहित और राहुल दोनों घायल हो गए। आरोप है कि हमले के बाद विक्की ने दोनों को दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिजन दोनो घायलों युवक को लेकर किरनापुर थाने पहुंचे। किरनापुर पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया। मोहित कावरे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी विक्की फाये के खिलाफ अश्लील गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










































