बकोड़ा में बह रही ज्ञान की गंगा, संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा में झूम रहे श्रध्दालु९ जून को हवन-पूजन और महाप्रसादी वितरण के साथ होगा समापन

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग ४ किमी दूर लालबर्रा-बालाघाट हाईवे मार्ग पर स्थित ग्राम बकोड़ा के सुप्रसिध्द धार्मिक स्थल श्री सांई मंदिर में गत ३ जून से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन जारी है। इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया है और ग्राम में मानो ज्ञान की गंगा बह रही है। इस सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ में सुप्रसिध्द कथावाचक पूज्य महंत हंसराज जी मिश्रा अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण की अलौकिक जीवनलीलाओं पर संगीतमय प्रवचन दे रहे हैं। कथा के दौरान उनके द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, बाल लीला और सुदामा चरित्र जैसे दिव्य प्रसंगों का अत्यंत सजीव एवं मार्मिक वर्णन किया जा रहा है। साथ ही भजनों और प्रसंगों की मधुर प्रस्तुति पर उपस्थित श्रध्दालु भावविभोर होकर झूमने पर मजबूर हो रहे हैं।

दोपहर से शाम तक उमड़ रही श्रध्दालुओं की भीड़

श्री सांई मंदिर परिसर में प्रतिदिन दोपहर ३ बजे से शाम ७ बजे तक कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रध्दालु पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गत ३ जून से सांई मंदिर बकोड़ा में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ जारी है और सुबह के समय विशेष पूजा अर्चना की जाती है एवं दोपहर ३ बजे से कथा प्रवचन शुरू होता है। जिसमें कथावाचक पूज्य महंत हंसराज जी मिश्रा अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण के लीलाओं पर संगीतमय प्रवचन दे रहे है, जिससे पूरे ग्राम में ज्ञान की गंगा बह रही है। वहीं कथा सुनने के लिए क्षेत्र के श्रध्दालुजन बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे है। वहीं इस सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का समापन आगामी ९ जून को पूर्ण आहुति, हवन-पूजन एवं विशाल महाप्रसादी (भंडारा) वितरण के साथ किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here