बालाघाट
जिले के हट्टा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत मोहगांव खुर्द के उप सरपंच पवन पारधी पर प्राणघातक हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में पवन पारधी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में तपेश रिनायत निवासी तिवड़ी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन पारधी अपने साथी राधेश्याम बिसेन के साथ ग्राम रतनारा में धनलाल बोपचे के नाती के विवाह रिसेप्शन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात लगभग 10:45 बजे दोनों मोटरसाइकिल से अपने गांव मोहगांव खुर्द लौट रहे थे। तभी ग्राम तिलपेवाड़ा पुलिया के पास अचानक चलती मोटरसाइकिल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने भारी ठोस वस्तु फेंकी, जो सीधे पवन पारधी के सिर पर लगी। जोरदार चोट लगने से दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद जब पवन पारधी और राधेश्याम बिसेन संभलकर उठे, तब मौके पर तपेश रिनायत खड़ा दिखाई दिया। आरोप है कि उसने पवन पारधी को गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे राधेश्याम बिसेन को भी तपेश रिनायत के साथ आए 2-3 लोगों ने पकड़ लिया।बताया जा रहा है कि इस दौरान तपेश रिनायत ने पवन पारधी को जान से मारने की धमकी भी दी और फिर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।घटना के दौरान शोर सुनकर अंकुर दमाहे सहित आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में पवन पारधी को पहले पास के घर ले जाकर प्राथमिक सहायता दी गई। फिर हट्टा थाना पहुंचाया गया। सिर में गंभीर चोट और लगातार चक्कर आने के कारण पुलिस ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट लाकर भर्ती कराये। जहां उनका उपचार जारी है।
रेत कारोबार की रंजिश बनी हमले की वजह
जानकारी के मुताबिक पवन पारधी राजनीति के साथ खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में सक्रिय भाजपा नेता के रूप में पहचान रखते हैं। वे पूर्व में किरनापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं तथा वर्तमान में मोहगांव खुर्द के उप सरपंच हैं।बताया जा रहा है कि गांव के गुड्डू उर्फ उमेश पारधी रेत कारोबार से जुड़े हैं। हाल ही में उनकी रेत पकड़े जाने की घटना हुई थी। जिसका शक वे पवन पारधी पर कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। तपेश रिनायत को उमेश पारधी का भांजा बताया जा रहा है। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
20 मई को हट्टा थाना के सहायक उप निरीक्षक दिनेश जायसवाल ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल पवन पारधी के बयान दर्ज किए। प्रथम दृष्टया आरोपी तपेश रिनायत के खिलाफ अश्लील गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार जायसवाल द्वारा की जा रही है।
परिवार में चिंता का माहौल
पवन पारधी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे हैं। उनके परिवार में मां, पत्नी और दो बेटे हैं। घटना के बाद परिवार में भारी चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।








































