Bengal: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात की। अखिलेश यादव ने यहां ममता बनर्जी के साथ-साथ उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी से भी मुलाकात। यहां सपा प्रमुख ने बीजेपी (BJP) पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ है। ममता बनर्जी दीदी की आंखों में खटकती थी, इसलिए उन्हें यहां हराया गया है। बता दें कि टीएमसी को विधानसभा चुनाव में करारी होर मिली है, लेकिन ममता, सीएम की कुर्सी छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। टीएमसी का कहना है कि चुनाव में धांधली हुई है।
क्या-क्या बोले अखिलेश यादव?
अखिलेश यादव ने कहा- “यहां पर मतदान हुआ जरूर है लेकिन लोगों ने दबाव में मतदान किया है। इतनी नफरत भरी नकारात्मक राजनीत भारतीय जनता पार्टी बंगाल में करेगी ये किसी ने सोचा नहीं था। जितनी भी संस्थाएं थी जिनका काम था कि निष्पक्ष चुनाव हो, उन तमाम संस्थाओं ने अपनी क्रेडिबिलिटी खो दी। भारतीय जनता पार्टी की आंखों में दीदी खटकती है इसलिए क्योंकि वह आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती है। भारतीय जनता पार्टी सामंती सोच की है, इनके संगी साथी लोग पुरुष वादी लोग हैं, यह लोग नारी को बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते हैं।
बंगाल में धांधली का आरोप
इससे पहले भी अखिलेश यादव ने बंगाल में चुनावी धांधली का आरोप लगाया था। उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के हालिया चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगाते हुए उच्चतम न्यायालय से इस मामले का संज्ञान लेने और इस राज्य में हुई मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने जारी करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं, अधिकारियों, कारोबारियों और ठेकेदारों का ’बहु-स्तरीय चुनावी माफिया’ पश्चिम बंगाल में अपना ’खेल’ करने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में किसी नयी योजना के साथ काम करेंगे। सपा प्रमुख ने बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर धांधली किये जाने और बड़ी संख्या में वोट काटे जाने का आरोप लगाया।










































