नई दिल्ली: रेलवे की प्रीमियम ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस (Rajdhani Express) भी चार घंटे की देरी से दिल्ली पहुंचे तो क्या कहेंगे। कोटा के एक दंपत्ति ने इस ट्रेन से दिल्ली आने का टिकट बुक कराया था। ट्रेन के अतिशय देरी से चलने की वजह से उनकी केरल जाने वाली फ्लाइट (Air India Flight) छूट गई। उन्हें अगले दिन का टिकट भारी कीमत देकर लेना पड़ा। यात्री ने न्याय के लिए जिला उपभोक्ता फोरम ( Consumer Court ) का दरवाजा खटखटाया जहां से उनके पक्ष में फैसला हुआ। रेलवे ने इसकी अपील स्टेट कंज्यूमर फोरम में की। वहां से भी रेलवे को हार मिली। अब रेलवे को 69,000 रुपये से भी ज्यादा का हर्जाना देना होगा।
क्या है मामला
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक यह वाकया है 17 दिसंबर 2017 का है। कोटा में रहने वाले अनिल कुमार राना और उनकी पत्नी अनीता राना ने उस दिन के लिए दिल्ली से त्रिवेंद्रम रूट पर एयर इंडिया की फ्लाइट बुक करायी थी। यह टिकट 9 नवंबर 2017 को ही बुक किया गया था, इसलिए सस्ती पड़ी थी। उन्हें यह टिकट 33,929 रुपये की पड़ी थी। इसके बाद 17 दिसंबर की सुबह कोटा से दिल्ली आने के लिए रेलवे की प्रीमियम ट्रेन नंबर 12431,राजधानी एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया।










































