रानी अवंती बाई स्टेडियम में शुरू हुई परेड़ रिहर्सल

0

परेड़ में १० ग्रुप होंगे शामिल, सिखाई जा रही कदमताल की बारीकी

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वीरांगना रानी अवंती बाई स्टेडियम में आगामी १५ अगस्त को राष्ट्रीय महापर्व स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाने की व्यापक तैयारियां चल रही हैं। इस राष्ट्रीय पर्व का मुख्य आकर्षण भव्य परेड़ होगी जिसकी रिहर्सल ११ अगस्त से ही प्रारंभ कर दी गई है। परेड़ में शामिल कैडेट्स १५ अगस्त के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि को सलामी देंगे। परेड़ में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा शासकीय महाविद्यालय के सीनियर और जूनियर कैडेट्स को मिलाकर कुल १० ग्रुप भाग ले रहे हैं। रिहर्सल में एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, रेड क्रॉस तथा विभिन्न निजी शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स शामिल हैं। कैडेट्स को एक साथ कदमताल करने, तालमेल बिठाने, कप्तान के आदेशों को मुस्तैदी से सुनने और सटीक शारीरिक मुद्रा बनाए रखने का कड़ा अभ्यास कराया जा रहा है। ११ अगस्त से शुरू हुई यह रिहर्सल १४ अगस्त तक चलेगी। १४ अगस्त को फाइनल ड्रेस रिहर्सल के बाद दस्ता सीधे १५ अगस्त को मुख्य मंच के सामने अपनी प्रस्तुति देगा। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस परेड का विशेष आकर्षण महिला सशक्तिकरण की झलक होगी। हर वर्ष जहां अमूमन बालक वर्ग से ही कप्तान या गार्ड बनाए जाते थे। वहीं इस बार समानता और नारी शक्ति को बढ़ावा देने के लिए २ बालक और २ बालिकाओं को गार्ड बनाया गया है। इस प्रकार इस वर्ष बालिकाएं भी स्वतंत्रता दिवस की परेड़ का नेतृत्व और संचालन करेंगी। समारोह के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए तहसील कार्यालय में एसडीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता और दर्शक व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए। एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि सभी कैडेट्स कडी मेहनत के बावजूद पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ अभ्यास में जुटे हुए हैं। पूरे कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र परेड होती है जो सभी को देश भक्ति से भर देती है। इस दौरान कैडेट को परेड की बारीकी सिखाई जा रही है ताकि वह १५ अगस्त को बेहतर प्रस्तुति दे सके। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here